IMD Rain Alert : देशभर में मानसून पूरी तरह से अपने चरम पर है और कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। नदियां उफान पर हैं, सड़कें दरिया बन चुकी हैं और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 15 राज्यों में आज भारी से बहुत भारी बारिश, कड़कती बिजली और तूफानी हवाओं की गंभीर चेतावनी जारी की है। अगर आप भी आज घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम का यह अपडेट जरूर पढ़ लें।
इन 15 राज्यों में जारी हुआ आंधी और भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है, जिसे देखते हुए किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
गुरुग्राम में जलभराव से हाहाकार, कंपनियों के लिए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी
राजधानी से सटे गुरुग्राम की स्थिति हर बार की तरह इस बार भी बारिश के बाद काफी खराब देखने को मिल रही है। शहर की पॉश सोसायटियों से लेकर मुख्य सड़कों तक पानी भर चुका है, जहां गाड़ियां तैरती हुई नजर आ रही हैं। स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों के साथ-साथ आईटी कंपनियों के कर्मचारियों के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ (Work From Home) करने की एडवाइजरी जारी की है। साथ ही अधिकारियों को जलभराव वाली जगहों पर मुस्तैद रहकर जलनिकासी के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली-एनसीआर और यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सफदरजंग, आरके पुरम से लेकर नोएडा-गाजियाबाद तक हल्की से मध्यम बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। आज भी दिल्ली में 40 से 50 किमी/घंटे की हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत दर्जनों जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। वहीं बिहार के पटना, गया, भोजपुर, दरभंगा और कटिहार जैसे जिलों में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
असम में बाढ़ से स्थिति गंभीर, झारखंड सरकार ने बढ़ाया मदद का हाथ
पूर्वोत्तर राज्य असम में बाढ़ की वजह से अब तक 97 लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि 15 जिलों में करीब 1.68 लाख लोग इससे सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। राज्य में केंद्र और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इस मुश्किल समय में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में 3 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता राशि भेजी है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और बादल फटने से बढ़ीं मुश्किलें
मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी कुदरत का कहर जारी है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में जंगल के पास बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे निचले नालों में अचानक उफान आ गया। उत्तराखंड में केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास बड़ा भूस्खलन हुआ है, जिससे कई गाड़ियां रास्ते में फंस गई हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी में बारिश से सड़कें टूट गई हैं और कई जगह नेशनल हाईवे ब्लॉक हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: NHAI Action on Lucknow-Kanpur Expressway: टोल फ्री हुआ मार्ग, लापरवाह अधिकारी सस्पेंड। DD News Uttar Pradesh







