- पारा थाना क्षेत्र के भपटामऊ में सुबह की घटना
- पहली मंजिल के कमरे में मिला खून से लथपथ शव; पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच
राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सर्राफा कारोबारी सरदार कप्तान सिंह (55) ने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बुद्धेश्वर चौराहा स्थित भपटामऊ इलाके की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सरदार कप्तान सिंह अपने परिवार के साथ भपटामऊ में रहते थे। बुधवार सुबह वह घर की पहली मंजिल पर बने पीछे के कमरे में गए, जहां उन्होंने अपनी लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ हालत में पड़े थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और परिजनों के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि सरदार कप्तान सिंह मूल रूप से कासगंज जिले के निवासी थे और उनके चार बेटे हैं। इनमें से दो बेटे विनायक और कुलदीप अपने परिवार के साथ लखनऊ में ही रहते हैं, जबकि अजय और पवन कासगंज में रहते हैं। पवन की पत्नी मोहिनी से जुड़ा दहेज का मामला कासगंज न्यायालय में विचाराधीन है, जिसकी बुधवार को पेशी निर्धारित थी। पुलिस के अनुसार, इसी दहेज केस को लेकर सरदार कप्तान सिंह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। घटना के समय परिवार के अधिकांश सदस्य कोर्ट गए हुए थे और घर में केवल दोनों बहुएं अपने-अपने कमरों में मौजूद थीं। इसी दौरान उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घर के बाहर सुरक्षा के लिहाज से बल तैनात कर दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।







