Navratri 2026: उत्तर प्रदेश में शारदीय नवरात्र, विजय दशमी (Vijayadashami) और आगामी छठ पर्व (Chhath) को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की है। इस दौरान उन्होंने साफ निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के इस पावन समय में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर महिलाओं की सुरक्षा को सरकार ने अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
मंदिरों में सुरक्षा और अधिकारियों की फील्ड में तैनाती
सरकार ने प्रदेश के सभी प्रमुख देवी मंदिरों जैसे विंध्याचल धाम, देवीपाटन शक्तिपीठ, नैमिषारण्य और मां शाकुंभरी देवी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है। इन सभी धार्मिक स्थलों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन से भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। CM Yogi ने निर्देश दिए हैं कि बीट आरक्षी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक सभी अधिकारी केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद फील्ड में उतरकर गश्त करें और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के मार्गों पर मांस-मदिरा की दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी।
मिशन शक्ति और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
त्योहारी सीजन में बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम की समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस को विशेष रूप से सक्रिय रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े ‘मिशन शक्ति’ (mission shakti) केंद्रों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। एंटी रोमियो स्क्वॉड की गतिविधियों को तेज करने के साथ ही मनचलों और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान चलाने को कहा गया है। पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और डीजे का इस्तेमाल तय मानकों के भीतर ही करने की हिदायत दी गई है ताकि सभी पर्व शांति और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो सकें।
यह भी पढ़ें: Agra में 1 करोड़ की चांदी चोरी का खुलासा, मास्टरमाइंड वैजनाथ समेत 5 आरोपी गिरफ्तार | Police Action
