Yamuna Expressway Accident : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में दयानतपुर गांव के पास हुआ। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। नोएडा पुलिस के मुताबिक हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है।
चलते-चलते बस में लगी आग
जानकारी के मुताबिक बस ग्रेटर नोएडा की ओर से आगरा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दयानतपुर गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग का पता चलते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कई यात्री बस से बाहर निकल गए।
हालांकि आग तेजी से फैलने के कारण कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए। बताया जा रहा है कि मृतकों में बुजुर्ग महिला और दिव्यांग बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में आग लगने के बाद धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोगों ने बस से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। टोल कर्मचारियों के मुताबिक डबल डेकर बस कुछ ही समय में पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बस से पटाखे जैसी आवाजें आने की बात कही है। हालांकि बस में आग लगने के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब चार से पांच दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगने के बाद जेवर टोल और फलैदा कट के पास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आग बुझाए जाने के बाद यातायात को दोबारा शुरू कराया गया।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच कर रही हैं। बस में आग किस वजह से लगी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

