Weather Alert : देशभर में इस समय मानसून अपनी पूरी रंगत में है और उत्तर से लेकर दक्षिण तक तथा मैदानी इलाकों से लेकर ऊंचे पहाड़ों तक झमाझम बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश की वजह से देश की तमाम प्रमुख नदियां जैसे गंगा, यमुना, नर्मदा और चिनाब उफान पर हैं और किनारे बसे बस्तियों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के 16 राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में अगर आप भी आज किसी काम से घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम का यह ताजा अपडेट पढ़ना आपके लिए बेहद जरूरी है।
Weather Alert दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा आज का मौसम
देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे घटने लगा है, जिससे बाढ़ का खतरा थोड़ा कम हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज दिल्ली में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां गंगा और यमुना समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के पास बह रही हैं। यूपी के सहारनपुर, बिजनौर, लखनऊ, कानपुर और बहराइच समेत 14 से अधिक जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर से बेहद सक्रिय हो चुका है, जहां डिंडोरी और मंडला जिले में भारी बारिश के कारण नर्मदा नदी उफान पर है और निचले इलाकों के साथ-साथ कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं। मौसम विभाग ने रायसेन, सागर, दमोह और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा बिहार के 23 जिलों (जैसे गया, चंपारण, अररिया, मुजफ्फरपुर) और झारखंड के रांची, जमशेदपुर व बोकारो जैसे शहरों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा और असम में बाढ़ का कहर
मैदानी इलाकों में जहां नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, वहीं पहाड़ों पर बारिश आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, कुल्लू और कांगड़ा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चंबा में हुए बड़े लैंडस्लाइड के कारण कई नेशनल हाईवे ठप हो चुके हैं। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली में भी लगातार हो रहे भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित है। उधर पूर्वोत्तर राज्य असम के 13 जिलों में भीषण बाढ़ से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां करीब डेढ़ लाख लोग प्रभावित हैं और हजारों हेक्टेयर फसल पानी में डूब चुकी है।







