पावन सावन महीने की शुरुआत से ठीक पहले Varanasi junction (कैंट स्टेशन) पर रेलवे प्रशासन ने शिवभक्तों और कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए कमर कस ली है। बाबा विश्वनाथ की नगरी में हर साल सावन के दौरान देश भर से लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिसे देखते हुए स्टेशन परिसर में विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। सावन के दौरान यात्रियों की सुविधा, खान-पान और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है ताकि किसी भी भक्त को असुविधा न हो।
Non-veg ban: स्टेशन पर मांसाहारी भोजन की बिक्री पर रोक और सात्विक भोजन
स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता और अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार यादव के अनुसार, सावन के पूरे महीने कैंट स्टेशन पर मांसाहारी भोजन की बिक्री पूरी तरह से बंद रहेगी।
स्टेशन परिसर के सभी फूड स्टॉलों और कैटरिंग यूनिटों पर श्रद्धालुओं के लिए केवल शुद्ध सात्विक और शाकाहारी भोजन ही उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभागीय स्तर पर खान-पान विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए 184 सीसीटीवी और क्यूआरटी तैनात
सावन में रोजाना लगभग 1.80 लाख यात्रियों के आने का अनुमान जताया गया है। इतनी बड़ी भीड़ को संभालने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी के लिए 184 ऐसे सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो 360 डिग्री पर घूमकर हर कोने पर पैनी नजर रखेंगे।
इसके साथ ही आरपीएफ, जीआरपी और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के अतिरिक्त जवान तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के रुकने के लिए रैन बसेरा, 24 घंटे मेडिकल टीम, पेयजल, एम्बुलेंस और विशेष सफाई अभियान की व्यवस्था भी की गई है। भीड़ बढ़ने पर रेलवे अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाएगा।
यह भी पढ़ें: Covid-19 Andhra Pradesh: राज्य में मिले 7 नए मरीज, कुल आंकड़ा पहुंचा 26







