PM-YASASVI छात्रवृत्ति योजना: देश में शिक्षा की पहुंच हर वर्ग तक आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित PM-YASASVI छात्रवृत्ति योजना के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) और विमुक्त व घुमंतू जनजातियों (DNT) के विद्यार्थियों के लिए अवसरों के नए द्वार खुल रहे हैं।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मेधावी छात्र केवल पैसों की कमी के कारण पढ़ाई से दूर न रहे।
चार प्रमुख योजनाओं के जरिए मिल रही सीधी मदद
लोकसभा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा ने जानकारी दी कि PM-YASASVI एक अम्ब्रेला योजना है, जिसके अंतर्गत चार अलग-अलग छात्रवृत्ति कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, टॉप क्लास एजुकेशन इन स्कूल्स और टॉप क्लास एजुकेशन इन कॉलेज्स शामिल हैं।
इन योजनाओं के जरिए स्कूली शिक्षा से लेकर उच्च शैक्षणिक संस्थानों तक फीस और पढ़ाई के खर्चों के लिए सीधे वित्तीय सहायता दी जाती है।
सामाजिक समानता और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा
सरकार का मानना है कि जब समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी, तभी ‘विकसित भारत 2047’ का सपना साकार हो सकेगा।
यह योजना छात्रों को वित्तीय कठिनाइयों से राहत देने के साथ-साथ उनमें आत्मनिर्भरता की भावना भी भर रही है। इससे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों के लिए समान अवसर मिलना आसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: PM Modi सुभाषित एक्स पोस्ट: जीवन में निष्ठा, एकाग्रता और धैर्य का दिया खास संदेश







