Uttar Pradesh Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपने प्रचंड रूप में आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम और भारी बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूर्वी यूपी के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की कड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का यह दौर यूं ही जारी रहने के आसार हैं।
वाराणसी और आजमगढ़ में बेहाल हुए हालात
बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही वाराणसी और आजमगढ़ जिलों में मचाई है। बनारस में सोमवार रात भर हुई मूसलाधार बारिश के कारण बीएचयू अस्पताल परिसर में कमर तक पानी भर गया, जबकि लंका सिंहद्वार समेत निचले इलाकों में जलभराव से पानी लोगों की दुकानों और घरों में घुस गया। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो आजमगढ़ सदर में सबसे ज्यादा 180 मिमी और आजमगढ़ में 140.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा वाराणसी के राजघाट में 128 मिमी, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 120 मिमी, बस्ती में 117 मिमी और जलालपुर में 114.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में भी झमाझम पानी
पूर्वी यूपी के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के इलाकों में भी मेघ जमकर बरसे। बिजनौर के धामपुर में 70 मिमी, बागपत के खेकड़ा में 57 मिमी, बरेली में 44.2 मिमी और शाहजहांपुर में 40.2 मिमी बारिश हुई। वहीं बुंदेलखंड के झांसी, हमीरपुर और महोबा में भी अच्छी-खासी बरसात दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ, प्रयागराज, रायबरेली और फतेहगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है।
बुधवार को भी अलर्ट, 28 अगस्त से थमेगा बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के दैनिक पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 अगस्त को भी पूर्वी यूपी में अनेक स्थानों पर और पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की पूरी संभावना है। 27 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर बना रहेगा। हालांकि, 28 अगस्त से मानसूनी गतिविधियों के कमजोर पड़ने का अनुमान जताया गया है। 28 से 31 अगस्त के बीच प्रदेश के दोनों हिस्सों में कोई भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे लोगों को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Free Bus Service : रक्षाबंधन पर महिलाओं को योगी सरकार का तोहफा, 66 घंटे तक रोडवेज बसों में मुफ्त सफर | DD News Uttar Pradesh







