UPTET 2026 exam: उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राज्य में शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी UPTET 2026 की शुरुआत कल, 2 जुलाई से होने जा रही है। साढ़े चार साल के लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। इस बार परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी नए नवेले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को सौंपी गई है, जिसने परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए कमर कस ली है। प्रदेश के 60 जिलों में होने वाली इस परीक्षा में करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल होने जा रहे हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
पहली बार UPTET आयोजित कर रहे शिक्षा चयन आयोग
उत्तर प्रदेश में अब तक यह परीक्षा सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा कराई जाती थी, लेकिन इस बार पहली बार UPTET आयोजित कर रहे शिक्षा चयन आयोग के सामने इसे बिना किसी गड़बड़ी के पूरा कराने की बड़ी चुनौती है। आयोग का दावा है कि नकल विहीन परीक्षा के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आंकड़ों की बात करें तो 2 से 4 जुलाई तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए राज्य भर में 955 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें कुल 19 लाख 94 हजार 661 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। खास बात यह है कि कुल आवेदकों में से 17 लाख 67 हजार 180 अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि 2 लाख 27 हजार 481 उम्मीदवार दूसरे राज्यों से परीक्षा देने यूपी आ रहे हैं।
1 लाख 85 हजार टीचर देंगे UPTET
इस परीक्षा में सिर्फ नए चेहरे ही शामिल नहीं हो रहे हैं, बल्कि पहले से नौकरी कर रहे लोग भी बैठ रहे हैं। कुल अभ्यर्थियों में से 1 लाख 85 हजार 791 अभ्यर्थी ऐसे हैं जो वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन सर्टिफिकेट के लिए अब टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण करना चाहते हैं।
इनके अलावा 18 लाख 08 हजार 870 नए उम्मीदवार पहली बार इस परीक्षा प्रणाली का हिस्सा बनेंगे। इस बार प्राइमरी स्तर के लिए 3 लाख 88 हजार 179 और अपर प्राइमरी के लिए 8 लाख 16 हजार 436 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि लगभग 3 लाख 95 हजार अभ्यर्थी दोनों ही परीक्षाओं में बैठेंगे।
वाराणसी में सबसे अधिक परीक्षा केंद्र
जिलों के स्तर पर देखें तो इस बार वाराणसी में सबसे अधिक 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख 27 हजार से ज्यादा उम्मीदवार परीक्षा देंगे। इसके बाद प्रयागराज में 53 केंद्रों पर 76 हजार 634 और राजधानी लखनऊ में बनाए गए 45 केंद्रों पर 76 हजार 720 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
UPTET 2026 परीक्षा की टाइमिंग
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए तीन दिनों का कार्यक्रम तय किया गया है। यूपी टीईटी परीक्षा की टाइमिंग दो पालियों के आधार पर रखी गई है। 2 और 3 जुलाई को यह दोनों पालियों में होगी, जबकि 4 जुलाई को सिर्फ सुबह की पाली में परीक्षा ली जाएगी। प्रथम पाली का समय सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रहेगा और द्वितीय पाली दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक चलेगी। कक्षा 1 से 5 और कक्षा 6 से 8 के स्तर के अनुसार अलग-अलग दिन और पालियां तय की गई हैं।
बायोमेट्रिक सिस्टम और सीसीटीवी से निगरानी
पिछली गड़बड़ियों से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा को लेकर काफी सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सिस्टम और सीसीटीवी से निगरानी की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। इसके तहत अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक और आइरिस (आंखों का) स्कैन अनिवार्य होगा। हर केंद्र की लाइव फीड सीधे कमांड सेंटर को जाएगी। इसके अलावा, नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर नजर रखने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को मुस्तैद किया गया है और रिटायर्ड आईएएस व आईपीएस अधिकारियों को बतौर ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।
यह भी पढ़ें: LPG Price Cut: महीने के पहले दिन सस्ता हुआ LPG सिलेंडर, जानिए नए रेट
साढ़े चार साल बाद हो रहा UPTET
अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा बेहद भावुक और महत्वपूर्ण है क्योंकि साढ़े चार साल बाद हो रहा यूपीटीईटी उनके करियर के बंद दरवाजे खोल सकता है। आखिरी बार यह परीक्षा साल 2022 में आयोजित की गई थी, जो कि असल में 2021 की टली हुई परीक्षा थी क्योंकि तब पेपर लीक की घटना सामने आई थी।
लंबे समय बाद हो रही UPTET 2026 परीक्षा न सिर्फ लाखों युवाओं के भविष्य का फैसला करेगी, बल्कि नए शिक्षा सेवा चयन आयोग की साख को भी तय करेगी। उम्मीद है कि सख्त इंतजामों के बीच अभ्यर्थी शांत मन से परीक्षा दे पाएंगे। सभी उम्मीदवारों को हमारी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं।