UP Weather : उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने पूर्वी यूपी के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। चक्रवाती तूफान अकवान के असर से पूर्वांचल के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। वहीं, पश्चिमी यूपी में हल्का कोहरा छाने के साथ मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश का अलर्ट बलिया, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, प्रयागराज, जौनपुर, संत रविदास नगर, कुशीनगर और देवरिया में जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ बारिश
चक्रवाती तूफान अकवान कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है, लेकिन इसका असर पश्चिम बंगाल में देखने को मिल रहा है। दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 19 नवंबर की शाम से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों और उत्तर बंगाल के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। कोलकाता में भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
24 नवंबर से मौसम में बदलाव के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 नवंबर से पश्चिम बंगाल में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद भी तटीय इलाकों में बारिश का असर बना हुआ है।
यह भी पढ़ें: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में दो दिवसीय दौरे पर, 21-22 नवंबर को कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल







