UP Gram-Prahari: मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने सभी प्रहरियों को बधाई देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके उत्कृष्ट कार्य और सेवा भाव को देखते हुए मानदेय में 1 हजार रुपए की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि इस कदम से ग्रामीण स्तर का सूचना तंत्र और अधिक सशक्त होगा।
ग्राम प्रहरियों का मानदेय 1000 रुपए बढ़ा
सीएम योगी ने बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ाने का ऐलान किया, जिसके बाद अब उन्हें 2500 रुपए की जगह पर 3500 रुपए मानदेय मिलेगा, साथ ही उनके परिवार को उपचार के लिए 5 लाख तक कैशलेस सुविधा भी दी जाएगी। इस सुविधा के अंतर्गत चौकीदार और उनके परिवारों को हर साल 5 लाख तक का कैशलेस इलाज मिल सकेगा।
गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले त्योहारों के दौरान उपद्रव की घटनाएं होती थीं, लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और बरेली इसका उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण में उनका योगदान अहम है।
यह भी पढ़ें: नवरात्रि के तीसरे दिन होती है मां चंद्रघंटा की आराधना, जानिए देवी के इस तेजस्वी रूप की महिमा



