UP में गोल्डी बराड़ के नाम पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति से मांगी ₹5 करोड़ की रंगदारी, धमकी— “पैसे नहीं दिए तो गोली आएगी”

UP में गोल्डी बराड़ के नाम पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति से मांगी ₹5 करोड़ की रंगदारी

Share This Article

‘5 करोड़ दो वरना गोली खा जाओगे’ — गोल्डी बराड़ के नाम पर मांगी रंगदारी, दहशत में परिवार

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिवाली के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। निवाड़ी कस्बे की नगर पंचायत अध्यक्ष रीता चौधरी के पति देवेन्द्र कुमार से गैंगस्टर से आतंकी बने गोल्डी बराड़ के नाम पर ₹5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लोरेंस बिश्नोई गैंग से बताया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी।

देवेन्द्र कुमार ने बताया कि धनतेरस के दिन उन्हें एक विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आई। कॉलर ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया और ₹5 करोड़ की मांग की। जब उन्होंने रंगदारी देने से इनकार किया तो धमकी दी गई—

“अभी तो तू दिवाली मना ले… पाँच करोड़ तैयार रख, नहीं तो गोली आएगी।”

चार दिन में दो बार कॉल और मैसेज किए गए। परिवार के सभी सदस्य दहशत में हैं।

धमकी भरे कॉल का सिलसिला जारी, विदेशी नंबर से आई कॉलें

पहली कॉल के बाद, गोवर्धन पर्व की सुबह करीब 9:26 बजे फिर से WhatsApp कॉल आई। कॉलर ने दोबारा धमकी दी और कहा कि वह गोल्डी बराड़, लोरेंस बिश्नोई गैंग से बोल रहा है

देवेन्द्र कुमार ने बताया कि कॉल और मैसेज दोनों ही विदेशी नंबर से किए गए हैं। धमकियों की भाषा बेहद खौफनाक थी, जिससे पूरा परिवार डर के साये में है। उन्होंने तत्काल ही डीसीपी ग्रामीण जोन और निवाड़ी पुलिस को इसकी सूचना दी।

एसीपी ने थाना प्रभारी को लगाई फटकार

घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि इतने गंभीर मामले में थाना प्रभारी जयपाल सिंह ने उन्हें पहले सूचित ही नहीं किया। मीडिया के जरिए जब मामला सामने आया, तब उन्हें इसकी जानकारी मिली।

एसीपी सक्सेना ने थाना प्रभारी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा—

“इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील मामलों में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराना जरूरी है।”

उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल को कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग का जिम्मा सौंपा गया है।

साइबर टीम जुटी जांच में

एसीपी अमित सक्सेना ने कहा कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह नंबर विदेशी सर्वर से रूट किया गया है, जिससे प्रारंभिक जांच में VPN या अंतरराष्ट्रीय सिम कार्ड के इस्तेमाल की संभावना जताई जा रही है।

साइबर सेल ने कॉल और मैसेज के स्क्रीनशॉट तथा ऑडियो रिकॉर्डिंग जब्त कर ली है। यह जांच की जा रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा है या किसी ने उनके नाम का इस्तेमाल कर फर्जीवाड़ा किया है।

कौन है गोल्डी बराड़?

गोल्डी बराड़ कनाडा में बैठा हुआ एक मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अहम सदस्य है। वह कई आपराधिक वारदातों, हत्या, रंगदारी और आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी उसका नाम प्रमुख आरोपियों में शामिल रहा।

बराड़ का नेटवर्क भारत के कई राज्यों में सक्रिय है और उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।

पीड़ित परिवार ने की सुरक्षा की मांग

देवेन्द्र कुमार ने बताया कि धमकियों के बाद से परिवार बेहद डरा हुआ है। उन्होंने कहा—

“हमने पुलिस से सुरक्षा मांगी है। अगर हमारी हत्या हो गई तो जिम्मेदार वही लोग होंगे जिन्होंने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।”

नगर पंचायत अध्यक्ष रीता चौधरी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की उच्चस्तरीय जांच और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This