UP Farmer Subsidy : उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए दशहरे के मौके पर खेती से जुड़ी राहत की खबर आई है। राज्य सरकार ने कृषि मशीनरी खरीदने वाले किसानों को सब्सिडी देने का फैसला किया है। अलग-अलग योजनाओं के तहत हजारों कृषि मशीनों पर आर्थिक मदद दी जाएगी। किसान 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
खेती को आसान बनाने की तैयारी
सरकार का फोकस किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने और खेती की लागत कम करने पर है। इसी के तहत कृषि मशीनरी सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है। कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक (कृषि अभियंत्रण) बलराम वर्मा के मुताबिक, सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के तहत 2,166 कृषि मशीनों पर सब्सिडी दी जाएगी। वहीं फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत 1,755 मशीनों पर आर्थिक सहायता मिलेगी।
कस्टम हायरिंग सेंटर को भी मदद
कृषि यंत्र सब्सिडी का फायदा सिर्फ व्यक्तिगत किसानों तक सीमित नहीं रहेगा। कस्टम हायरिंग सेंटर और फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने वालों को भी सहायता दी जाएगी। इन दोनों के लिए 10-10 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान है। किसान ड्रोन और दूसरी आधुनिक कृषि मशीनरी के लिए भी योजना के तहत लाभ ले सकते हैं। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत व्यक्तिगत मशीनों और कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 30 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया है।
मक्का और फसल सुरक्षा उपकरणों पर भी लाभ
सरकार ने दूसरी कृषि योजनाओं को भी इसमें शामिल किया है। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत मक्का शेलर और मिलेट पार्लर के लिए आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा कीट एवं रोग नियंत्रण योजना के तहत किसानों को पौध संरक्षण उपकरण खरीदने के लिए भी सब्सिडी दी जाएगी।
यूपी किसान सब्सिडी का लाभ लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया 7 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलेगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल के Kisan Corner में “Yantra Booking Prarambh” विकल्प के जरिए मशीन की बुकिंग और आवेदन किया जा सकता है।
आवेदन से पहले किसान मशीन, पात्रता और सब्सिडी से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर जरूर देख लें।
READ MORE : Mathura News: वृंदावन के गुरुकुल में हादसा, पानी के टैंक में जहरीली गैस से 4 छात्रों की मौत







