उत्तर प्रदेश के सीतापुर (Sitapur) जिले से रिश्तों और इंसानियत से जुड़ी एक अनोखी खबर सामने आई है, जिसकी चर्चा आज हर तरफ हो रही है। जहां आमतौर पर वैवाहिक विवाद थानों, अदालतों और झगड़ों तक पहुंच जाते हैं, वहीं यहां एक पति ने अपनी पत्नी की खुशी की खातिर 17 साल पुराना रिश्ता बिना किसी विवाद के खत्म कर दिया। जब पत्नी ने सोशल मीडिया पर बने अपने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई, तो पति ने हंसते-हंसते न सिर्फ रजामंदी दी, बल्कि तहसील में कानूनी लिखापढ़ी कराकर खुद गाड़ी में बैठाकर उसे विदा किया।
17 साल का साथ और फेसबुक पर शुरू हुई प्रेम कहानी
यह पूरा मामला सीतापुर की मिश्रिख तहसील क्षेत्र का है। साल 2009 में विपिन भार्गव की शादी हिंदू रीति-रिवाज से रेखा के साथ हुई थी। दोनों का 17 साल का लंबा दांपत्य जीवन सही बीत रहा था और दोनों के दो बेटे भी हैं। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले रेखा की मुलाकात फेसबुक के जरिए अंबेडकर नगर के रहने वाले राहुल कुमार उपाध्याय से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ीं और यह दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने आपस में साथ रहने का फैसला कर लिया।
बिना किसी हंगामे के पति ने लिया विदाई का फैसला
करीब 22 दिन पहले रेखा अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद विपिन ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। जब रेखा वापस लौटी, तो उसने साफ कह दिया कि वह राहुल के साथ ही रहना चाहती है। विपिन ने किसी भी तरह के हंगामे या पुलिस केस के बजाय पत्नी के फैसले को स्वीकार कर लिया। शनिवार शाम मिश्रिख तहसील परिसर में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद पास के ही एक हनुमान मंदिर के सामने रेखा और राहुल ने एक-दूसरे को माला पहनाई। पति विपिन ने खुद आगे बढ़कर पत्नी को गाड़ी में बैठाया और दिल्ली के लिए रवाना किया, साथ ही उनके खुशहाल जीवन की दुआ भी दी।
यह भी पढ़ें: Kannauj में भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन! साढ़े 3 करोड़ के टेंडर में खेल! इंजीनियर सस्पेंड, जेई बर्खास्त