‘Wings Over Ganga’ Air Show Varanasi: उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक शहर वाराणसी (Varanasi) में गुरुवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। गंगा नदी के ऊपर आसमान में जब भारतीय वायु सेना के विमानों ने अपने हैरतअंगेज करतब दिखाए, तो गंगा के दोनों किनारों और घाटों पर मौजूद हजारों लोगों की भीड़ उत्साह से झूम उठी। मौका था नमो घाट पर शुरू हुए 3 दिवसीय मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ का। इस भव्य आयोजन के पहले दिन जब सूर्यकिरण विमानों ने विजय के प्रतीक ‘वी’ आकार में उड़ान भरी, तो वहां मौजूद हर शख्स रोमांचित हो उठा और लोगों ने तालियां बजाकर भारतीय जांबाजों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सूर्यकिरण और राफेल विमानों के करतबों ने मोहा मन
इस एयर शो (air show) की शुरुआत मणिकर्णिका की उत्पत्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों और राष्ट्र वंदना के साथ हुई। इसके बाद दशाश्व टीम ने अपनी जोरदार फॉर्मेशन दिखाई। सी-17 ग्लोबमास्टर और नौ सूर्यकिरण हॉक विमानों ने नमो घाट के मुख्य मंच के ऊपर से शानदार फ्लाईपास्ट किया। आसमान में जब केदार के रूप में राफेल विमानों ने उड़ान भरी और कलाबाजियां खाईं, तो नीचे खड़े लोगों की सांसें थम सी गईं। इसके अलावा ‘हनुमान’ कॉलसाइन के तहत सुखोई-30 एमकेआई विमानों ने कम ऊंचाई पर एरोबेटिक प्रदर्शन कर लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी। वहीं, ‘ओंकार’ फॉर्मेशन में तीन एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टरों ने राष्ट्रीय ध्वज और वायु सेना का ध्वज लेकर उड़ान भरी।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और आगे के कार्यक्रम
रक्षा मंत्रालय (प्रयागराज) के पीआरओ देबार्थो धर ने बताया कि इस एयर शो का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों को जीतना है। उन्होंने जानकारी दी कि यह तीन दिवसीय आयोजन 24 अक्टूबर शनिवार और 25 अक्टूबर रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में शामिल रहे विमानों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए वायु सेना के अधिकारियों, उनके परिवारों के अलावा स्कूली बच्चों और देश के विभिन्न हिस्सों से आए मेहमानों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।
यह भी पढ़ें: Asian Para Games 2026: भारत की इन दो बेटियों ने रचा इतिहास, एक ने जीता gold तो दूसरी ने जीता silver