Janakpur to Ayodhya Saryu Kamala Express : जब भी भारत और नेपाल के रिश्तों की बात होती है, तो अयोध्या और जनकपुर का नाम सबसे पहले आता है। सदियों से चली आ रही विवाह पंचमी और तिलक (Tilak) की परंपरा इस बार एक नए अंदाज में देखने को मिली। नेपाल के जनकपुर धाम से भगवान श्रीराम के लिए तिलक लेकर सैकड़ों श्रद्धालु पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस के जरिए सीधे अयोध्या पहुंचे। जैसे ही यह ट्रेन अयोध्या धाम स्टेशन पर रुकी, पूरा परिसर भक्ति के माहौल से भर गया और स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर मेहमानों का स्वागत किया।
सदियों पुरानी परंपरा और सीधी रेल सेवा का आराम
जनकपुर माता सीता की जन्मभूमि है और अयोध्या भगवान श्रीराम की। जनकपुर धाम महानगरपालिका के नगर प्रमुख मनोज कुमार साह ने इस मौके पर पुरानी परंपरा को याद किया। उन्होंने बताया कि धनुष यज्ञ में शिव धनुष टूटने के बाद राजा जनक ने अयोध्या में राजा दशरथ को निमंत्रण पत्र भेजा था, जिसके बाद बारात जनकपुर गई थी। आज भी हर साल जनकपुर से श्रद्धालु तिलक लेकर अयोध्या आते हैं। फर्क बस इतना है कि पहले यह सफर सड़क मार्ग से होता था, लेकिन इस बार पहली बार सरयू-कमला एक्सप्रेस चलने से यात्रियों को काफी आराम मिला है।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों का जताया आभार
मेयर मनोज कुमार साह ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को मिथिला वासियों की तरफ से धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आज कलयुग में त्रेतायुग जैसा अहसास हो रहा है। सफर के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि ट्रेन पिछले दिन दोपहर सवा एक बजे जनकपुर से चली थी और सभी लोग रातभर आराम से सोकर सुबह साढ़े सात बजे बिना किसी थकान के अयोध्या पहुंच गए। अगले दिन शाम पांच बजे वापसी की ट्रेन होने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन, स्नान और पूजा-पाठ के लिए पूरे दो दिन का समय मिला है।
तिलक कार्यक्रम और विवाह का निमंत्रण पत्र
अयोध्या पहुंचने के बाद के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए मनोज कुमार साह ने बताया कि रविवार दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक तिलक का मुख्य आयोजन रखा गया है। पंकज महाराज के निमंत्रण पर होने वाले इस कार्यक्रम में जनकपुर धाम महानगरपालिका, जानकी मंदिर के महंत राम तपेश्वर दास और विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधि शामिल होकर विधि-विधान से तिलक चढ़ाएंगे। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट को विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने पूरे अयोध्या वासियों को 14 तारीख को होने वाले सीताराम विवाह का न्योता भी दिया है।
स्टेशन पर दिखा उत्साह, यात्रियों ने की व्यवस्था की तारीफ
अयोध्या महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इसी हफ्ते अयोध्या से जनकपुर के लिए ट्रेन रवाना हुई थी और आज जनकपुर से श्रद्धालुओं का जत्था यहां आया है। रामलला को तिलक चढ़ाने आए लोगों का स्वागत करना सभी के लिए सुखद अनुभव है।
ट्रेन में सफर कर रहे श्रद्धालु श्रवण कुमार झा ने बताया कि वे अपने मेयर और अन्य साथियों के साथ सारा सामान लेकर आए हैं। उनके अनुसार, ट्रेन में खाने-पीने से लेकर साफ-सफाई तक की व्यवस्था काफी अच्छी रही और ट्रेन बिल्कुल सही समय पर अयोध्या पहुंची। एक अन्य यात्री ने खुशी जताते हुए कहा कि बीच में कहीं भी ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ी और सीधे जनकपुर धाम से अयोध्या पहुंचने का अनुभव बहुत अच्छा रहा।
यह भी पढ़ें : Nari Shakti Vandan Amendment Bill: महिलाओं के सपनों और देश के भविष्य के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध







