Meerut Fire News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर स्थित मेवगढ़ी के जामिया चौक में रविवार तड़के एक कपड़ा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। सुबह करीब चार बजे हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के रिहायशी मकानों तक इसकी तपिश पहुंच गई। इसी के साथ मकानों की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आने की बात सामने आई है।
अलाव की चिंगारी से भड़की आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय फैक्ट्री के भीतर चार कर्मचारी मौजूद थे, जो ठंड से बचने के लिए अलाव जलाकर हाथ सेंक रहे थे। इसी दौरान अलाव से निकली एक चिंगारी पास में रखे कपड़ों के स्टॉक तक पहुंच गई। कपड़ों ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
घरों से बाहर निकले लोग, इलाके में मची दहशत
आग की ऊंची लपटें और तेज तपिश देखकर आसपास रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। अनहोनी की आशंका के चलते स्थानीय निवासी अपने घरों से बाहर निकल आए। कई लोग घरों में रखा जरूरी सामान भी बाहर निकालने लगे। आग की गर्मी का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इससे मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग सुबह करीब चार बजे लगी थी।
सात दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5:26 बजे लिसाड़ी गेट के मजीद नगर स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घंटाघर, पुलिस लाइन और परतापुर फायर स्टेशनों से सात दमकल गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, इसी के साथ आग लगने से फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने नशे की लत, संचार साथी ऐप और देश की सांस्कृतिक विरासत पर की चर्चा







