Nari Shakti Vandan Amendment Bill: देश की राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ाने को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए नारी शक्ति वंदन संशोधन को आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि BJP और NDA सरकार महिलाओं से किए अपने वादे को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
देशहित को सबसे ऊपर रखने की बात
प्रधानमंत्री ने अपने वीडियो संदेश में इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को उनका हक दिलाने की यह लड़ाई दशकों से चल रही है। उन्होंने कहा कि वे खुद भी कई सालों से इस कोशिश में लगे लोगों का हिस्सा रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, उनकी सरकार के लिए देश का हित सबसे ऊपर है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब कुछ लोगों के लिए अपनी पार्टी का फायदा देश से बड़ा हो जाता है, तो इसका सीधा नुकसान देश की महिलाओं और राष्ट्र को उठाना पड़ता है।
आधी आबादी के सपनों को पूरा करने का संकल्प
अपने संदेश की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने लिखा, “भारत की प्रगति, नारी शक्ति के सपनों की उड़ान…” उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अब समय की मांग बन चुका है। उनका मानना है कि सरकार का आत्मबल मजबूत है और देश की आधी आबादी के सपनों तथा भारत के आने वाले कल के लिए इस संकल्प को हर हाल में पूरा करना जरूरी है।
विरोध करने वाली पार्टियों को दिया स्पष्ट संदेश
इससे पहले शनिवार को भी प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पुराना वीडियो साझा कर इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। उसमें उन्होंने बताया था कि कैसे देश की कई महिलाओं ने पत्र लिखकर और मिलकर उनसे राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की मांग की थी। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को सरकार दूर करेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो पार्टियां इसका विरोध कर रही हैं, वे महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में आगे बढ़ने से कभी नहीं रोक पाएंगी।
यह भी पढ़ें: Mann Ki Baat 140th Episode: नशामुक्त भारत से लेकर पटना संग्रहालय तक, जानिए नेताओं ने क्या कहा







