Semicon India 2026: भारत को सेमीकंडक्टर और तकनीक के क्षेत्र में मजबूत बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को सुबह लगभग 10 बजे नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में ‘सेमीकॉन इंडिया 2026‘ का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के दिग्गजों को संबोधित भी करेंगे। 17 से 19 सितंबर 2026 तक चलने वाला यह तीन दिवसीय कार्यक्रम भारत के टेक इकोसिस्टम को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
‘सिलिकॉन से सिस्टम तक’ पर रहेगा ध्यान
इस वर्ष सम्मेलन की मुख्य थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इको सिस्टम का निर्माण’ रखी गई है। इसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, चिप डिजाइन, निर्माण से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत पैकेजिंग से जुड़ी यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। इस आयोजन में वैश्विक और भारतीय कंपनियां, निवेशक, शोधकर्ता, नीति निर्माता और स्टार्टअप एक साथ जुटेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य देश में निवेश, शोध, नई तकनीकों के विकास और युवाओं के लिए हुनर के मौके बढ़ाना है।
वैश्विक भागीदारी और विशेष पवेलियन
Semicon India 2026 में 52 देशों के प्रतिनिधि और 600 से अधिक कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इसमें लगभग 50,000 आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और नीदरलैंड जैसे देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले छह कंट्री पवेलियन बनाए गए हैं। इसके साथ ही 12 राज्यों के बूथ, एक स्टार्टअप पवेलियन और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।







