PIB Fact Check: देश के केंद्रीय बैंक यानी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा अपने विदेशी मुद्रा भंडार से लगभग 12 अरब डॉलर मूल्य का सोना बेचने के दावों को भारत सरकार ने पूरी तरह से खारिज और मनगढ़ंत करार दिया है। प्रेस इनफार्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक विंग ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए मीडिया के एक हिस्से में चल रही इन खबरों को पूरी तरह असत्य और भ्रामक बताया। PIB ने स्पष्ट किया कि एक विदेशी मीडिया संस्थान (ब्लूमबर्ग) की रिपोर्ट के हवाले से फैलाया जा रहा यह दावा पूरी तरह से तथ्यहीन है और RBI के आधिकारिक आंकड़ों से इसका कोई मेल नहीं है। RBI के वास्तविक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों में भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी घटने के बजाय लगातार बढ़ी है। देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का अनुपात सितंबर 2025 के अंत में जहां 13.92 प्रतिशत था, वह 31 मार्च 2026 को बढ़कर 16.70 प्रतिशत हो गया और 22 मई 2026 तक यह ग्राफ और ऊपर चढ़कर 16.85 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच चुका है।
PIB Fact Check: 880 मीट्रिक टन पर पूरी तरह स्थिर है देश का भौतिक सोना
RBI द्वारा जारी किए गए ताजा और प्रामाणिक आंकड़े भी इस बात की तस्दीक करते हैं कि भारत का भौतिक स्वर्ण भंडार (Physical Gold Holdings) पूरी तरह से सुरक्षित और स्थिर बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई 2026 तक देश का कुल स्वर्ण भंडार 880.52 मीट्रिक टन दर्ज किया गया है, जिसमें पिछले कई हफ्तों से कोई कमी या बदलाव नहीं आया है। इसके विपरीत, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की बढ़ती कीमतों और भंडार में हुए तकनीकी इजाफे के कारण RBI के पास मौजूद कुल सोने का आर्थिक मूल्य (वैल्यू) बीते एक साल में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल की समान अवधि में जहां इस सोने की कुल वैल्यू 81.82 अरब डॉलर थी, वहीं 24 अप्रैल 2026 तक यह भारी बढ़ोतरी के साथ 120.24 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर जा पहुंची है। यह वृद्धि देश के स्टॉक में किसी प्रकार की कटौती को नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार में सोने की मजबूत स्थिति और RBI की कुशल नीतियों को दर्शाती है।
यह भी पढ़े: Delhi Hotel Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड, होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत
PIB की नागरिकों से प्रामाणिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील
इस पूरे मामले पर भ्रामक प्रचार को रोकने के उद्देश्य से PIB फैक्ट चेक ने आम नागरिकों और सभी मीडिया संगठनों से एक विशेष अपील जारी की है। PIB ने कहा कि भारत के स्वर्ण भंडार और विदेशी मुद्रा से जुड़ी तमाम विस्तृत जानकारियां RBI के ‘मंथली बुलेटिन’ (मासिक पत्रिका) और अन्य आधिकारिक पब्लिकेशनों के माध्यम से सार्वजनिक रूप से हर समय उपलब्ध रहती हैं। इसलिए किसी भी तरह की अपुष्ट खबरों पर विश्वास करने के बजाय लोगों को सटीक अपडेट के लिए केवल RBI की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करना चाहिए। गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2026 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 698.49 अरब डॉलर के बेहद मजबूत स्तर पर मौजूद है। इस विशाल भंडार में फॉरेन करेंसी एसेट्स (FCA) का हिस्सा 554.62 अरब डॉलर है, जबकि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (SDR) का योगदान 18.77 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत की रिजर्व ट्रेंच पोजीशन 4.86 अरब डॉलर के स्तर पर बनी हुई है। यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों द्वारा स्वर्ण संपत्तियों के पुनर्गठन को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहरी दिलचस्पी देखी जा रही है।
