Partition horror memorial day : भारत में आज 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। यह दिन साल 1947 में देश के विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले और अकल्पनीय पीड़ा सहने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है। 1947 में देश की आजादी के साथ ही भारत के एक बड़े हिस्से ने बंटवारे का गहरा जख्म झेला था। करोड़ों लोगों को पंजाब और बंगाल के विभाजित हिस्सों से अपना सबकुछ छोड़कर विस्थापित होना पड़ा था। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन लोगों के अदम्य साहस और जज्बे को याद करते हुए उन्हें नमन किया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में बयां की पीड़ितों की वेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि आज हम उन सभी लोगों के साहस और संकल्प को याद करते हैं, जो 1947 के विभाजन से प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि यह इतिहास का वह काला दौर था, जिसने कई जिंदगियों को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया, परिवार उजड़ गए और लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया। पीएम ने आगे कहा कि इतने बड़े संकट से उबरकर लोगों ने जिस तरह शून्य से अपनी जिंदगी दोबारा बनाई और देश के विकास में योगदान दिया, वह इंसानी जज्बे की अद्भुत मिसाल है।
‘विकसित भारत’ और आपसी भाईचारे का दिया संदेश
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने संस्कृत के श्लोक के माध्यम से विषम परिस्थितियों में संकल्प को सिद्ध करने के जज्बे को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह दिन देशवासियों में आपसी सद्भाव, एकजुटता और भाईचारे की भावना को और अधिक सशक्त करने का संकल्प दिलाता है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में काम करने का आह्वान किया, ताकि देश में कभी ऐसी त्रासद परिस्थितियां दोबारा उत्पन्न न हों।
साल 2021 में हुई थी इस दिवस को मनाने की शुरुआत
देश की आजादी के साथ विभाजन का दंश झेलने वाले पीड़ितों की स्मृति और सम्मान में प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2021 में 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया था। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आने वाली युवा पीढ़ी को बंटवारे की उस विभीषिका और ऐतिहासिक परिस्थितियों से अवगत कराना है, साथ ही समाज को बांटने वाली ताकतों के प्रति हमेशा सतर्क रहने का संदेश देना है।
यह भी पढ़ें: Ayodhya में महिला आयोग अध्यक्ष का दौरा, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद | DD News Uttar Pradesh







