Mumbai airport पर बड़ा हादसा टला: Mumbai के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टी2) (Chhatrapati Shivaji Maharaj International Airport Mumbai) से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक यात्री का गैर-जिम्मेदाराना मजाक न केवल उसके खुद के लिए बल्कि सैकड़ों अन्य यात्रियों के लिए भी बड़ी मुसीबत बन गया। सुरक्षा जांच के दौरान यात्री ने बेफिक्री से कह दिया कि उसके बैग में बम है। इसके बाद तो जैसे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को उड़ान भरने से ठीक पहले रोकना पड़ा। सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन एक्शन लेते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
चेकिंग के दौरान बोली यह बात
घटना IndiGo की मुंबई से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट की है, जो अपनी उड़ान के लिए पूरी तरह तैयार खड़ी थी। बोर्डिंग गेट पर एयरलाइन के सुरक्षा अधिकारी यात्रियों के हैंड बैग्स की रूटीन जांच कर रहे थे। जब अधिकारियों ने नियम के मुताबिक यात्री से पूछा कि क्या बैग में माचिस, लाइटर या कोई अन्य प्रतिबंधित सामान तो नहीं है, तब 55 साल के यात्री अनुज जयराम सुवर्णा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कह दिया कि उसके ‘बैग में बम’ है। इस एक शब्द ने पूरे एयरपोर्ट के सुरक्षा स्टाफ के होश उड़ा दिए।
सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
यात्री के मुंह से बम की बात सुनते ही वहां मौजूद एयरलाइन स्टाफ और सुरक्षा बल तुरंत मुस्तैद हो गए। मामला बेहद संवेदनशील था, इसलिए अधिकारियों ने बिना कोई जोखिम लिए सीआईएसएफ (CISF) को इसकी जानकारी दी। सीआईएसएफ की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए यात्री को प्लेन से नीचे उतारा और अपनी कस्टडी में ले लिया।
विमान और सामान की गहन तलाशी
प्रोटोकॉल के तहत सबसे पहले पूरे विमान को खाली कराया गया। इसके बाद सीआईएसएफ और बम निरोधक दस्ते ने मिलकर पूरे प्लेन, कार्गो होल्ड और सभी यात्रियों के लगेज की बारीकी से जांच की। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और छानबीन के बाद जब कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, तब जाकर सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी
जांच पूरी होने और विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित करने के बाद ही यात्रियों को दोबारा बोर्डिंग की इजाजत दी गई। इसके बाद फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो सकी। हालांकि, इस एक गैर-जिम्मेदाराना हरकत की वजह से पूरी उड़ान प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई और बाकी यात्रियों को घंटों तक इंतजार की परेशानी झेलनी पड़ी।
पुलिस कार्रवाई और चेतावनी
CISF ने बाद में आरोपी यात्री को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सहार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने रोते-गिड़गिड़ाते हुए यही कहा कि उसने यह सब सिर्फ मजाक में कहा था और उसकी कोई गलत मंशा नहीं थी।
हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि हवाई अड्डों जैसी संवेदनशील जगहों पर इस तरह के मजाक को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाता। ऐसे बयानों से अफरा-तफरी फैलती है और एयरलाइंस को भी बड़ा आर्थिक नुकसान होता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को कड़ी चेतावनी का नोटिस देकर रिहा कर दिया है, लेकिन मामले की जांच अभी जारी है।







