Mangal Milan Meeting : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक मंगलवार, 11 अगस्त को सुबह 9:30 बजे बुलाई गई है। संसद भवन परिसर स्थित पुस्तकालय के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा और राज्यसभा के सभी एनडीए सांसदों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है।
पीएम मोदी ने सांसदों को दी योग और बेहतर स्वास्थ्य की सलाह
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक आवास पर एनडीए के लगभग 41 लोकसभा सांसदों के साथ नाश्ते पर एक विशेष चर्चा की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष जोर देते हुए सभी सांसदों को नियमित रूप से योग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि आपका स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, तो आप जनता की सेवा में अधिक समय दे पाएंगे। उन्होंने व्यस्तता के दौरान कुर्सी पर बैठकर ही कुछ मिनटों के लिए योग और प्राणायाम करने का आसान तरीका भी बताया।
संसद एक विश्वविद्यालय की तरह, इतिहास का करें गहराई से अध्ययन
प्रधानमंत्री ने नए और युवा सांसदों का मार्गदर्शन करते हुए संसद को एक बड़े ‘विश्वविद्यालय’ की उपमा दी। उन्होंने सांसदों को संसदीय इतिहास का गहराई से अध्ययन करने और संसद भवन के समृद्ध पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। पीएम मोदी ने यह भी स्पष्ट किया कि एनडीए एक परिवार की तरह काम करता है, इसलिए सांसद अपने क्षेत्र और राज्य से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण विषय पर सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
सांसदों को संसदीय आचरण का पाठ पढ़ाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सदन के भीतर का तनाव या बहस बाहर नहीं आनी चाहिए। उन्होंने सभी सदस्यों को गुस्से और चिल्लाहट से दूर रहकर शांतिपूर्वक अपनी बात रखने तथा मीडिया के सामने हमेशा गरिमा और संयम बनाए रखने की हिदायत दी। अपनी कार्यशैली का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को हमेशा वर्तमान में जीना चाहिए और अपने सामने मौजूद काम पर ही पूरा ध्यान केंद्रित करना चाहिए।







