राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में उन्हें याद किया गया। भारत में मौजूद विदेशी राजनयिकों (Foreign diplomats) ने भी बापू (Bapu) को नमन करते हुए उनके सत्य, अहिंसा और शांति के सिद्धांतों को याद किया। नॉर्वे, जर्मनी, फ्रांस और यूक्रेन जैसे देशों के दूतावासों ने सोशल मीडिया (social media) के जरिए गांधी जी की सीख को आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक बताया।
साबरमती आश्रम (Sabarmati Ashram) की यादें और नॉर्वे-जर्मनी का संदेश
भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने साबरमती आश्रम की अपनी यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने लिखा कि आश्रम जाना उनके लिए एक भावुक पल था। सत्य, अहिंसा और शांति ऐसे मूल्य हैं जिन्हें नॉर्वे में भी संजोकर रखा जाता है और गांधीजी का संदेश आज भी सभी को प्रेरित करता है।
वहीं, जर्मनी के राजदूत जैस्पर विक ने भी 2019 की अपनी साबरमती यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती हमें मानवीय गरिमा और अहिंसा के प्रति सम्मान की याद दिलाती है, जो आज की दुनिया में बेहद जरूरी है।
फ्रांस और यूक्रेन दूतावास ने दी शुभकामनाएं
फ्रांस के दूतावास ने भी बापू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि नई दिल्ली की ‘ग्यारह मूर्ति’ से लेकर फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में लगी प्रतिमा तक, गांधीजी का शांति संदेश सीमाओं को पार करता है। फ्रांस उनके विचारों का सम्मान स्मारक डाक टिकटों और कांस्य मूर्तियों के रूप में करता है।
दूसरी ओर, यूक्रेन के दूतावास ने भारतवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांधीजी के शाश्वत सिद्धांत दुनिया भर की पीढ़ियों को प्रेरित करते रहें। उन्होंने न्याय, स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान पर आधारित शांति के महत्व को रेखांकित किया।
चीन में भी मनाई गई गांधी जयंती
चीन की राजधानी बीजिंग में भारतीय दूतावास ने जिंताई आर्ट म्यूजियम में गांधी जयंती मनाई। भारत के राजदूत विक्रम दोराई स्वामी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में चीनी कलाकारों ने संगीत प्रस्तुत किया और भारतीय समुदाय ने बापू के पसंदीदा भजनों का गायन किया। इसके साथ ही वहां हिंदी दिवस प्रतियोगिता 2026 (Hindi divas) के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें: PM Modi ने कैप्टन स्मित मछार से की बात, संकट के बीच 174 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट की सराहना

