भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता महानायक उत्तम कुमार (Uttam Kumar) की जन्म शताब्दी के खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें नमन किया है। PM Modi ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उत्तम कुमार एक ऐसे कलाकार थे, जिनकी अदाकारी आज भी हर पीढ़ी के दर्शकों को आपस में जोड़ती है। उन्होंने पिछले रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तम कुमार को लेकर कही गई बातों को भी साझा किया।
सत्यजीत रे और फिल्म ‘नायक’ का किस्सा
‘Mann Ki Baat’ की 137वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने याद किया कि किस तरह महान फिल्मकार सत्यजीत रे ने उत्तम कुमार को ध्यान में रखकर फिल्म ‘नायक- द हीरो’ की पटकथा लिखी थी। सत्यजीत रे का मानना था कि उत्तम कुमार के अभिनय में गरिमा के साथ-साथ एक गहरा भावनात्मक जुड़ाव था। वे अपने हर किरदार में जान फूंकने के लिए बहुत मेहनत करते थे।
Mahanayak Uttam Kumar…a legend whose timeless performances connect with people across generations.
Tributes on his birth centenary.
Also sharing what I spoke about him during #MannKiBaat last Sunday.
মহানায়ক উত্তম কুমার… এক কিংবদন্তি যাঁর কালজয়ী পরিবেশনা প্রজন্মান্তরের… pic.twitter.com/GQLr48AO7o
— Narendra Modi (@narendramodi) September 3, 2026
जीवन में कभी हार न मानने की सीख
पीएम मोदी ने कहा कि उत्तम कुमार के शुरुआती करियर में कई फिल्में असफल रही थीं, लेकिन उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी और लगातार मेहनत करते रहे। उनका यह संघर्ष आज के युवाओं को जीवन में कभी पीछे न हटने की प्रेरणा देता है। अपनी इसी लगन के बल पर उन्होंने भारतीय सिनेमा में एक खास मुकाम हासिल किया।
कोलकाता रोड शो की पुरानी याद
प्रधानमंत्री ने कोलकाता में अपने एक रोड शो का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि जब उनका काफिला उत्तम कुमार के घर के सामने से गुजर रहा था, तब एक प्रशंसक ने उन्हें अभिनेता की एक तस्वीर भेंट की थी। पीएम मोदी ने कहा कि महानायक उत्तम कुमार अपनी कला के जरिए हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
यह भी पढ़ें: रक्षा (RAKSHA) कूटनीति दस्तावेज 2026: अगले 10 सालों का रक्षा रोडमैप जारी







