Lucknow Tanker Accident : लखनऊ के किसान पथ पर सोमवार शाम एक टैंकर पलटने से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। टैंकर में फॉर्मेलिन रसायन भरा था, जिसका रिसाव होने लगा। रसायन के संपर्क और उसके फैलाव से आसपास के गांवों के लोगों की आंख, नाक, गले और त्वचा में जलन की शिकायत सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 10 हजार लोग इस घटना से प्रभावित हुए। मौके पर पहुंची अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीम ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव और रसायन के फैलाव को रोका।
कैसे पलटा रसायन से भरा टैंकर?
जानकारी के अनुसार, टैंकर हरदोई के संडीला से फॉर्मेलिन लेकर गुडंबा स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री जा रहा था। सोमवार शाम मानपुर बाना और नगुवामऊ गांव के बीच किसान पथ पर उसका टायर फट गया। इससे टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भरे रसायन का रिसाव शुरू हो गया। रिसाव का असर आसपास के करीब 500 मीटर के क्षेत्र में देखा गया। मामपुर बाना, भैंसामऊ और गाजीपुर समेत आसपास के इलाकों के लोग इसकी चपेट में आए। एसआर इंस्टीट्यूट के हॉस्टल और निजी हॉस्टलों में रहने वाले लोगों पर भी इसका असर पड़ा।
पुलिस ने रोका यातायात, पहुंचीं राहत टीमें
घटना की सूचना मिलने पर एसीपी अंकित बंसल और थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रसायन के फैलाव को देखते हुए घटनास्थल से करीब 500 मीटर पहले ही किसान पथ पर आवाजाही रोक दी गई। वाहनों को दूसरे रास्तों से भेजा गया। इसके बाद अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने मोर्चा संभाला। करीब पांच घंटे तक चले राहत कार्य के दौरान रसायन के रिसाव और फैलाव को नियंत्रित किया गया। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह के मुताबिक, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
फॉर्मेलिन रसायन क्या है और कितना खतरनाक है?
फॉर्मेलिन, फॉर्मेल्डिहाइड गैस का पानी में बना घोल है। इसका इस्तेमाल जैविक नमूनों को सुरक्षित रखने, प्रयोगशालाओं और कुछ औद्योगिक उत्पादों के निर्माण में किया जाता है। हालांकि, यह रसायन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सुमित महाराज ने बताया कि फॉर्मेलिन के संपर्क में आने से आंख, नाक और गले में जलन हो सकती है। त्वचा पर भी जलन और चकत्ते पड़ने की आशंका रहती है। इसका असर संपर्क की मात्रा और अवधि पर निर्भर करता है।
यह भी पढ़ें: Kanpur: CM Yogi ने कानपुर के बिल्हौर और बिठूर को दी 411 करोड़ की सौगात







