Monsoon Session: संसद के मॉनसून सत्र में गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को जब सुबह 11 बजे लोकसभा की बैठक शुरू हुई, तो लग रहा था कि शायद आज कामकाज सामान्य रूप से चलेगा। लेकिन सदन शुरू होते ही विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते कुछ ही मिनटों में लोकसभा कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
आखिर किस बात को लेकर हो रहा है विरोध?
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसद अपनी सीटों से उठकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। विपक्ष की मुख्य मांग है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) सदन में आएं और 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर जवाब दें।
विपक्ष का आरोप है कि वहां प्रदर्शन कर रहे लोगों पर बल प्रयोग किया गया और फायरिंग हुई, जिस पर सरकार को अपना रुख साफ करना चाहिए। इसके अलावा NEET पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भी सांसद लगातार जवाब मांग रहे हैं। स्पीकर OM Birla ने सदस्यों से अपील की कि वे अपनी सीटों पर बैठें ताकि प्रश्नकाल शांति से चल सके, लेकिन विपक्ष का शोर कम नहीं हुआ।
हंगामे के बीच पास हुआ सुप्रीम कोर्ट से जुड़ा विधेयक
सदन में लगातार हो रहे हंगामे के बीच विधायी कामकाज भी निपटाया जा रहा है। सोमवार को भी भारी शोर-शराबे के बीच एक अहम बिल पास कर दिया गया।
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विपक्षी नारेबाजी के दौरान ही ‘सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026’ सदन के पटल पर रखा। पीठ की अध्यक्षता कर रहे कृष्णा प्रसाद टेनेटी की शांति बनाए रखने की अपील के बावजूद जब विरोध जारी रहा, तो बिल को ध्वनि मत से पास करा लिया गया। यह विधेयक उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या बढ़ाने से संबंधित है।
संसद के इस सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच यह खींचतान आने वाले दिनों में भी जारी रहने के आसार दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: World junior squash championship 2026: गोल्ड विजेता अनाहत सिंह को खेल मंत्री ने किया सम्मानित





