कन्नौज। अपने परिवार की जीविका चलाने के लिए रोजी-रोटी की तलाश में कर्नाटक गए कन्नौज जिले के एक युवक की गैस सिलेंडर विस्फोट में मौत हो गई। मृतक गुब्बारों में गैस भरकर बेचने का काम करता था। घटना की सूचना कर्नाटक पुलिस द्वारा ठठिया थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जानकारी परिजनों से ली और रिपोर्ट तैयार की है।
एक माह पहले कर्नाटक कमाने गया था सलीम, मैसूर पैलेस के पास हादसा
जानकारी के मुताबिक ठठिया थाना क्षेत्र के शुक्लनपुरवा गांव निवासी सलीम पुत्र कमरुद्दीन (40 वर्ष) करीब एक माह पहले कर्नाटक के मैसूर में गुब्बारे बेचने गया था। गुरुवार शाम लगभग आठ बजे क्रिसमस डे के मौके पर मैसूर पैलेस के पास एक चर्च के नजदीक वह गैस सिलेंडर की मदद से गुब्बारों में गैस भरकर बेच रहा था।
इसी दौरान गैस सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि वहीं मौके पर सलीम की मौत हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हुए जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कर्नाटक पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेज दिया है।
फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची; विस्फोट हीलियम गैस या रासायनिक प्रतिक्रिया से जुड़ा होने की आशंका
कर्नाटक पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में विस्फोट हीलियम गैस सिलेंडर की वजह से होने की आशंका जताई गई है। वहीं एक अन्य संभावना सोडियम हाइड्रॉक्साइड की प्रतिक्रिया से विस्फोट होने की भी बताई जा रही है।
घटना के समय क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, क्योंकि क्रिसमस कार्यक्रम के चलते आसपास भीड़ थी। पुलिस ने सुरक्षा को देखते हुए इलाके को घेराबंदी में लेकर जांच शुरू कर दी है। विस्तृत रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी।
मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, शव आने का इंतजार
सलीम की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिवार में 17 वर्षीय बेटी निशा, 12 वर्षीय पुत्र साहिल, 9 वर्षीय बेटी मानबी, पत्नी महरोज और बुजुर्ग मां इदरीशन शामिल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन सलीम के शव के आने का इंतजार कर रहे हैं।
ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार ने गांव पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और मामले की रिपोर्ट कर्नाटक पुलिस को भेज दी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच कर्नाटक पुलिस द्वारा जारी है।




