UP Mock Drill : उत्तर प्रदेश में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम छह बजे सभी 75 जिलों में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान करीब दो मिनट तक एयर रेड का सायरन बजा और कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य युद्ध या किसी अन्य आपात स्थिति में प्रशासन और राहत एजेंसियों की तैयारियों को जांचना था।
लखनऊ में सीएम योगी ने लिया मॉकड्रिल का जायजा
राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में भी एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम छह बजे यहां पहुंचे और अभ्यास का जायजा लिया। मॉकड्रिल में पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, नागरिक सुरक्षा और आपदा राहत से जुड़ी टीमों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान अलग-अलग विभागों के बीच आपसी तालमेल और आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करने की क्षमता को परखा गया। टीमों ने यह भी दिखाया कि संकट के समय लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और घायलों को तत्काल सहायता देने के लिए किस तरह काम किया जाता है।
‘मॉकड्रिल सिर्फ लखनऊ में नहीं, हर जिले में होनी चाहिए’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपदा के समय सही निर्णय, समय पर सूचना और प्रशिक्षित प्रतिक्रिया से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास केवल लखनऊ तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रदेश के हर जिले में मॉकड्रिल आयोजित की जानी चाहिए। सीएम योगी ने बाढ़ जैसी आपदाओं का जिक्र करते हुए बताया कि ऐसे समय में पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी की फ्लड यूनिट और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक मिलकर राहत और बचाव कार्य करते हैं। उन्होंने अलग-अलग आपात स्थितियों से निपटने के लिए अलग-अलग तरह के अभ्यास कराने पर भी जोर दिया।
सायरन बजने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह
मॉकड्रिल से पहले प्रशासन ने लोगों से अपील की थी कि सायरन बजने पर घबराएं नहीं और सावधानी बरतें। नागरिकों को घर या किसी सुरक्षित स्थान के भीतर रहने, अनावश्यक रोशनी बंद रखने और बच्चों व पालतू जानवरों का ध्यान रखने की सलाह दी गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि यह वास्तविक हमले की स्थिति नहीं, बल्कि आपातकालीन तैयारियों को जांचने के लिए किया जा रहा अभ्यास है। इस मॉकड्रिल के जरिए सायरन सिस्टम की कार्यक्षमता, बिजली बंद करने की व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की जांच की गई। साथ ही राहत एवं बचाव अभियान चलाने, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की तैयारियों का भी अभ्यास किया गया।







