Jharkhand Protest: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच झारखंड सरकार ने जेपीएससी और जेएसएससी की सभी विवादित नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। इन परीक्षाओं में जेएसएससी की सीजीएल संयुक्त स्नातक स्तरीय नियुक्ति परीक्षा भी शामिल है, जिसे रद करने को लेकर झारखंड सरकार और छात्र आंदोलनकारियों के बीच कई दिनों से गतिरोध बना हुआ था।
कई दिनों से सड़कों पर डटे छात्रों की आंखों में सिर्फ गुस्सा नहीं था, बल्कि अपने भविष्य को बचाने की बेचैनी थी। आखिरकार उनकी आवाज सरकार तक पहुंची और कई दिनों संघर्ष के बाद छात्रों के आंदोलन ने रंग दिखाया। अपने भविष्य को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की प्रमुख मांग को हेमंत सोरेन सरकार ने मान लिया है।
सरकार ने 2024 में आयोजित JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया है। इसके अलावा TDPL नामक एजेंसी के जरिए राज्य में कराई गई सभी प्रतियोगी परीक्षाएं भी रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की विशेष बैठक में करीब चार घंटे की चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से अब तक JPSC और JSSC की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षाओं की व्यापक जांच कराई जाएगी। सरकार के फैसले के बाद आंदोलनरत छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Mathura में मिलावटी पनीर का बड़ा खुलासा! 500 किलो पनीर और 2000 किलो दूध नष्ट | DD News Uttar Pradesh







