Hardoi News : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासियों के लिए एक साथ दो बड़ी और राहत भरी खबरें सामने आई हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के लंबे प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने क्षेत्र के विकास को रफ्तार देने के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय मंजूरी दे दी है। एक तरफ जहां सुखेता नदी पर बहुप्रतीक्षित लघु सेतु (पुल) बनने का रास्ता साफ हो गया है, वहीं दूसरी तरफ हरपालपुर कस्बे में आधुनिक बस स्टेशन के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है।
3.15 करोड़ रुपये की मिली प्रशासनिक स्वीकृति
नौशहरा से डभेलिया मार्ग पर सुखेता नदी के ऊपर लघु सेतु के निर्माण के लिए शासन ने ₹315.24 लाख (3.15 करोड़ रुपये से अधिक) की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
-
जनप्रतिनिधि का प्रयास: क्षेत्रीय विधायक और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस धनराशि को मंजूरी दी है।
-
कार्यदायी संस्था: इस पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा।
-
ग्रामीणों को राहत: अभी तक ग्रामीणों को बरसात के दिनों में उफनती नदी पार करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुल बनने से दर्जनों गांवों का आवागमन सुगम हो जाएगा और क्षेत्र सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकेगा।
2.50 करोड़ रुपये से बदलेगी कस्बे की तस्वीर
कस्बे में दशकों पुरानी बस स्टेशन की मांग को पूरा करते हुए शासन ने हरपालपुर में नया बस अड्डा बनाने के लिए ₹250 लाख (2.50 करोड़ रुपये) की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है।
सवायजपुर के विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के निरंतर प्रयासों से मिली इस सफलता के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। इस परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड को सौंपी गई है।
बस स्टैंड न होने के कारण अब तक बुजुर्गों, महिलाओं, मरीजों और विद्यार्थियों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता था। नया बस अड्डा बनने से न सिर्फ यात्रियों को व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
READ MORE : पीएम मोदी की अध्यक्षता में दो दिवसीय चिंतन शिविर, ईज ऑफ लिविंग पर रहेगा फोकस



