Hanuman Ansh : फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म के डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और राइटर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म के अगले पार्ट में कानपुर के प्रसिद्ध पनकी हनुमान मंदिर को भी कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्य मंदिर के बाद कानपुर में नए हनुमान मंदिर की स्थापना भी नीम करोली बाबा की देखरेख में हुई थी। डॉ. विशाल चतुर्वेदी सीएसजेएमयू में आयोजित एक कार्यक्रम में फिल्म के कलाकारों के साथ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में फिल्म की सफलता, सीक्वल और इसकी कहानी से जुड़े कई अहम पहलुओं पर चर्चा की।
‘हनुमान अंश’ का जल्द आएगा सीक्वल
डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ की अगली कड़ी पर काम किया जाएगा। सीक्वल में कानपुर के पनकी मंदिर को खास जगह मिलने की संभावना है। उनके मुताबिक, नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंगों को आगे की कहानी में दिखाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन करना नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। फिल्म को मिल रही सफलता को उन्होंने युवाओं, खासकर जेन-जी के अपनी संस्कृति, धर्म और परंपराओं से जुड़ाव का संकेत बताया।
‘हनुमान जी की कृपा से बनी फिल्म’
फिल्म के निर्माण के अनुभव को साझा करते हुए डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह फिल्म हनुमान जी की शक्तियों से ही बनी है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर बड़े प्रोजेक्ट्स में शूटिंग से पहले दो से ढाई महीने तक तैयारी होती है, लेकिन उनकी टीम ने करीब 15 दिन की तैयारी के बाद शूटिंग शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि निर्माण के दौरान कई तरह की बाधाएं सामने आईं। कुछ कलाकारों ने फिल्म छोड़ भी दी, लेकिन इसके बावजूद प्रोजेक्ट रुका नहीं। उनके मुताबिक परिस्थितियां धीरे-धीरे खुद अनुकूल होती चली गईं।
350 स्क्रीन से शुरुआत, फिर बढ़ा फिल्म का क्रेज
डॉ. विशाल ने बताया कि फिल्म शुरुआत में करीब 350 स्क्रीन पर रिलीज हुई थी, लेकिन 15 अगस्त के आसपास इसे करीब 325 स्क्रीन से हटा दिया गया। उस समय टीम को निराशा हुई, लेकिन इसके बाद फिल्म को अचानक दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिलने लगा। उन्होंने पुरानी फिल्म ‘जय संतोषी मां’ का उदाहरण देते हुए कहा कि वह भी ‘शोले’ जैसी बड़ी फिल्म के साथ रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों के समर्थन से उसने शानदार प्रदर्शन किया था। इसी तरह ‘हनुमान अंश’ को भी दर्शकों का प्यार मिल रहा है।
पनकी में 1963 में हुई थी नए हनुमान मंदिर की स्थापना
कानपुर के पनकी मंदिर से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, नीम करोली बाबा ने कैंची धाम की स्थापना से एक साल पहले पनकी में नए हनुमान मंदिर की स्थापना कराई थी। मंदिर की स्थापना 10 जनवरी 1963 को हुई थी। मंदिर के लिए जमीन बाबा के भक्त और उन्नाव के बदरका निवासी दीक्षित परिवार की ओर से उपलब्ध कराई गई थी। वर्तमान मंदिर में दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा के साथ वर्ष 2016 में नीम करोली बाबा की प्रतिमा भी स्थापित की गई।
नीम करोली बाबा के भक्त अनुराग माथुर के मुताबिक, बाबा कई बार कानपुर आए और दीक्षित परिवार के घर भी ठहरे। मंदिर स्थापित करने के सुझाव पर बाबा ने सहमति जताई थी।
सेवा कार्यों से भी जुड़े हैं बाबा के अनुयायी
अनुराग माथुर ने बताया कि नीम करोली बाबा के भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उनके अनुयायी सेवा कार्यों में भी सक्रिय हैं। पनकी क्षेत्र में 10 रुपये में भरपेट भोजन और 10 रुपये में तीन दिन की होम्योपैथिक दवा उपलब्ध कराने जैसे सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
अब ‘हनुमान अंश’ के सीक्वल में पनकी मंदिर और नीम करोली बाबा से जुड़े प्रसंग किस तरह पर्दे पर दिखाई देते हैं, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
READ MORE : Railway News : देश के 7 हाई-डेंसिटी कॉरिडोर होंगे 4-लेन, ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी







