Ekta Nagar Rain Forest : पीएम मोदी ने की एकता नगर के रेन फॉरेस्ट और स्काईवॉक की तारीफ, जानें इसकी खासियतें

Share This Article

Ekta Nagar Rain Forest : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में विकसित रेन फॉरेस्ट और वहां बने आकर्षक स्काईवॉक की विशेषताओं को साझा किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लोगों से इस पर्यटन स्थल का अनुभव लेने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के बीच शानदार अनुभव मिलेगा। रेन फॉरेस्ट का स्काईवॉक भी खास आकर्षण है, जहां से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का खूबसूरत नजारा देखा जा सकता है।

सरदार पटेल की जयंती पर साझा की जानकारी

प्रधानमंत्री ने यह पोस्ट राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के मौके पर किया। इससे पहले उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने एकता नगर में पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कुल 31 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

12 एकड़ में तैयार हुआ रेन फॉरेस्ट

एकता नगर का रेन फॉरेस्ट स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास विकसित किए जा रहे प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल है। लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में फैले इस परिसर को वर्षावन जैसा अनुभव देने के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यहां पूरे साल कृत्रिम बारिश की व्यवस्था की गई है।

इस परियोजना में 20 रेन गन टावर लगाए गए हैं। इसके अलावा झरने, बबल फाउंटेन और विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों से परिसर को सजाया गया है। यहां भारत के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में पाए जाने वाले वनस्पति प्रकारों को भी स्थान दिया गया है। गुजरात सरकार की परियोजना सूची के मुताबिक, रेन फॉरेस्ट के निर्माण पर 14.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

कांच के स्काईवॉक से दिखेगा शानदार नजारा

रेन फॉरेस्ट में बनाया गया गोलाकार कांच का स्काईवॉक पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण है। इसे 35 एमएम मोटाई वाले कांच के 132 पैनलों की मदद से तैयार किया गया है। इस पर चलते हुए पर्यटक नीचे फैले हरित क्षेत्र का नजारा देख सकते हैं। साथ ही यहां जैव विविधता और अलग-अलग वन पारिस्थितिकी तंत्रों से परिचित होने का अवसर भी मिलता है।

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान पर्यटन सर्किट में शामिल वामन वृक्ष वाटिका का भी भ्रमण किया।

426.71 करोड़ की 31 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

एकता नगर में प्रधानमंत्री ने 307.83 करोड़ रुपये की लागत वाली 23 परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 118.88 करोड़ रुपये की आठ परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उद्घाटन की गई प्रमुख परियोजनाओं में 50 करोड़ रुपये का आईआरसीटीसी होटल, 16 करोड़ रुपये का एकता क्रूज और 3.67 करोड़ रुपये की इको ट्रेल शामिल हैं।

वहीं, नई परियोजनाओं में गोरा-भनद्रा रोड, स्मार्ट जीरो-वेस्ट इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट, खलवानी इको-टूरिज्म और एकीकृत कैक्टस एवं बटरफ्लाई गार्डन शामिल हैं।

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भी होंगे शामिल

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार शाम करीब 5:30 बजे राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान एकता परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से ‘नक्सल मुक्त भारत’ विषय पर विशेष नाट्य प्रस्तुति भी दी जाएगी। इसमें वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित 126 जिलों के करीब 2,000 कलाकार भाग लेंगे। इसके अलावा ‘वंदे मातरम’ की थीम पर झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें देशभर के लगभग 5,000 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

READ MORE : पीएम मोदी ने सरदार पटेल को दी पुष्पांजलि, केवड़िया में 400 करोड़ से अधिक की योजनाओं का किया लोकार्पण

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This