Egypt Myanmar Earthquake : दुनिया के दो अलग-अलग हिस्सों में सोमवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। मिस्र में आए 5.4 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में तेज कंपन महसूस हुआ, जबकि म्यांमार में भी हल्के झटके दर्ज किए गए। राहत की बात यह रही कि दोनों देशों में अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मिस्र में 5.4 तीव्रता का भूकंप
मिस्र में सुबह तड़के भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 5.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र स्वेज शहर के पास था और यह जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। भूकंप के झटके स्वेज और आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गई।
भूकंप के केंद्र को लेकर अलग-अलग संस्थाओं ने अलग जानकारी दी। जर्मन रिसर्च सेंटर ने इसे स्वेज के पास बताया, जबकि यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र (EMSC) के अनुसार इसका केंद्र स्वेज से लगभग 29 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था।
रेड क्रिसेंट ने सक्रिय किया आपातकालीन प्लान
भूकंप के बाद मिस्र के रेड क्रिसेंट ने प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन योजना सक्रिय कर दी। संस्था ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे क्षतिग्रस्त या कमजोर इमारतों से दूर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। अभी तक किसी व्यक्ति के घायल होने या संपत्ति के बड़े नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अधिकारी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं और हालात का आकलन किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी किए निर्देश
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने देशभर में आपातकालीन प्रतिक्रिया योजना लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एम्बुलेंस सेवाओं को पूरी तरह तैयार रहने को कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाई जा सके। मिस्र और पूर्वी भूमध्यसागरीय क्षेत्र भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में आते हैं। हालांकि इस तीव्रता के भूकंप आमतौर पर इस क्षेत्र में सीमित प्रभाव डालते हैं और कई बार किसी बड़े नुकसान के बिना गुजर जाते हैं।
म्यांमार में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
म्यांमार में भी 3 अगस्त की सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 3.3 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई। यह भूकंप करीब 105 किलोमीटर की गहराई पर आया था। अधिकारियों के अनुसार, म्यांमार में भी किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। मिस्र के आधुनिक इतिहास में सबसे विनाशकारी भूकंप अक्टूबर 1992 में आया था। उस समय 5.8 तीव्रता के भूकंप ने राजधानी काहिरा सहित कई इलाकों को प्रभावित किया था। इस आपदा में 500 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग बेघर हो गए थे।
यह भी पढ़ें: West Bengal में STF की बड़ी कार्रवाई… तीसरा संदिग्ध गिरफ्तार | West Bengal STF | DD News UP







