Chemical Factory Fire : कानपुर में निकोलस पिगमेंट्स फैक्ट्री में लगी आग, 15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

Share This Article

Chemical Factory Fire : उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार रात एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में केआईटी कॉलेज के पीछे निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक फैक्ट्री में रात करीब 9 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में केमिकल और ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान अंदर कई धमाके भी हुए। तेज आवाज और धुएं के गुबार से आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोगों के बीच दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलने के बाद शुरुआती तौर पर आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, आग की गंभीरता और फैक्ट्री में मौजूद केमिकल की वजह से इसे बुझाना आसान नहीं था। स्थिति को देखते हुए जिले के सभी फायर स्टेशनों से दमकल वाहन बुलाए गए। देर रात तक करीब 15 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं। आसपास के जनपदों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाने की तैयारी की गई। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को दूसरी फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने की कोशिश करते रहे।

केमिकल ड्रमों में धमाकों से बढ़ी परेशानी

फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल के ड्रम आग की चपेट में आ गए। गर्मी बढ़ने के साथ ड्रमों में लगातार धमाके होने लगे। तेज धमाकों के बीच आग की लपटें और ऊंची होती गईं। केमिकल से निकलने वाली तेज गंध और धुएं के कारण दमकलकर्मियों को भी काफी परेशानी हुई। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि शुरुआत में टीम फैक्ट्री के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रही थी। ऐसे में दमकलकर्मियों ने बाहर से ही पानी डालकर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

आसपास की फैक्ट्रियां कराई गईं खाली

आग फैलने और जहरीली गैस निकलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराने का फैसला लिया। जानकारी के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र की दो से तीन दर्जन फैक्ट्रियों में कामकाज बंद कराया गया। वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आसपास रहने वाले लोगों को भी घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी, ताकि आम लोगों की आवाजाही रोकी जा सके और दमकल की गाड़ियों को आने-जाने में परेशानी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पीएसी की एक प्लाटून भी तैनात की गई। अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों को करीब 100 मीटर दूर रहने के निर्देश दिए।

ढाई घंटे बाद 80 प्रतिशत आग पर पाया काबू

फैक्ट्री में लगी आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। रात करीब 11:20 बजे गेट के आसपास की आग नियंत्रित होने के बाद टीम फैक्ट्री के अंदर पहुंच सकी। इसके बाद दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर और छतों पर पहुंचकर पानी की बौछार शुरू की। करीब ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने लगभग 80 प्रतिशत आग पर काबू पाने की जानकारी दी। हालांकि, फैक्ट्री के अंदरूनी हिस्सों में आग बुझाने का काम जारी रहा।

शिफ्ट खत्म होने के चार घंटे बाद लगी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री की मालिक अनुराधा त्यागी हैं। यहां करीब 10 से 12 कर्मचारी काम करते हैं। फैक्ट्री में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक काम होता है। मंगलवार को भी कर्मचारियों की शिफ्ट पूरी होने के बाद सभी अपने घर जा चुके थे। इसके करीब चार घंटे बाद रात 9 बजे फैक्ट्री में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह और मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की कमान संभाली। पुलिस, पीएसी और दमकल विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं। फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है। फैक्ट्री में रखे केमिकल और अन्य सामान के जलने से हुए नुकसान का आकलन भी आग पूरी तरह बुझने के बाद किया जाएगा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।

READ MORE : Jammu Kashmir News : कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ भट ढेर, अमित शाह ने सुरक्षाबलों के साहस को किया सलाम

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This