Chandauli Police : यूपी के चंदौली में महिला का भेष बनाकर हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश। पुलिस मुठभेड़ के बाद 4 शातिर बदमाश गिरफ्तार। यूपी के चंदौली से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। जरा सोचिए, आप हाईवे पर जा रहे हों और कोई महिला आपसे मदद मांगे, तो आप रुकेंगे ही। लेकिन चंदौली में इसी का फायदा उठाकर एक शातिर गैंग लोगों को अपना शिकार बना रहा था। चलिए आपको बताते हैं कि पुलिस ने इस फिल्मी अंदाज वाले गैंग का पर्दाफाश कैसे किया।
आधी रात को महिला बनकर धोखा
यह पूरा मामला चंदौली जिले का है, जहां एक अंतर्राज्यीय गिरोह एक्टिव था। ये बदमाश बेहद शातिर थे। ये लोग हाईवे या सुनसान रास्तों पर राहगीरों को रोकने के लिए अजीब हथकंडे अपनाते थे। कभी गिरोह का कोई सदस्य महिला का भेष धारण कर सड़क पर खड़ा हो जाता, तो कभी ये लोग रास्ता पूछने या मदद मांगने के बहाने गाड़ियां रुकवाते थे। जैसे ही कोई भोला-भाला ड्राइवर गाड़ी रोकता, ये सब मिलकर उसे घेर लेते, मारपीट करते और सब कुछ लूटकर फरार हो जाते।
चंदौली पुलिस और स्वाट टीम का एक्शन
इस गिरोह का शिकार बने ज्ञानेंद्र तिवारी नाम के एक शख्स ने सदर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 मई को भगवानपुर नहर के पास बदमाशों ने उनसे मारपीट कर 42 हजार रुपये लूट लिए। मामला दर्ज होते ही सदर पुलिस, स्वाट (SWAT) और एसओजी (SOG) की संयुक्त टीम एक्टिव हो गई और मुखबिरों का जाल बिछाया गया।
भगवान तालाब के पास हुई मुठभेड़
सोमवार सुबह पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि यह गैंग भगवान तालाब के पास किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी मजबूत करते हुए चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान उपेंद्र यादव (बिहार), मंजय कुमार, बहादुर ठठेरा और मुस्तफा (सभी चंदौली) के रूप में हुई है। इनके पास से अवैध हथियार, कारतूस और कुछ कैश बरामद हुआ है।







