Canada Wildfire: कनाडा से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आ रही है। वहां के जंगलों में लगी भीषण आग (Canada Wildfire) ने अब तबाही मचाना शुरू कर दिया है। इसी बीच ओंटारियो प्रांत में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा, जहां कैनेडियन नेशनल रेलवे की एक ट्रेन जलते हुए जंगलों के बीच फंस गई। धुएं के कारण वहां कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, तभी एक जलता हुआ ट्रक इस ट्रेन से टकरा गया। गनीमत रही कि ट्रेन के कर्मचारियों ने पैदल भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। इस खौफनाक मंजर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें चारों तरफ सिर्फ नारंगी आसमान और आग की लपटें दिख रही हैं।
धधकते पेड़ों के बीच से गुजर रही थी ट्रेन
यह पूरी घटना ओंटारियो के आर्मस्ट्रॉन्ग इलाके के पास की है। Canada Wildfire वायरल वीडियो में साफ सुना जा सकता है कि ट्रेन के अंदर मौजूद कर्मचारी वायरलेस पर घबराए हुए मदद मांग रहे हैं। घने धुएं के बीच एक ट्रक अचानक आग की चपेट में आ गया था और अनियंत्रित होकर सीधे ट्रेन के इंजन से जा टकराया।
हादसे के बाद ट्रेन रुक गई और कर्मचारियों को समझ आ गया कि अगर वे वहां से तुरंत नहीं निकले तो आग उन्हें अपनी चपेट में ले लेगी। इसके बाद सभी कर्मचारी सूझबूझ दिखाते हुए इंजन से उतरे और पैदल ही सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले। रेलवे ने एहतियात के तौर पर इस रूट की सभी रेल सेवाएं फिलहाल रोक दी हैं।
एक-दो नहीं, सैकड़ों जगहों पर धधक रहे हैं जंगल
कनाडा में इस समय हालात वाकई चिंताजनक बने हुए हैं। कनाडियन इंटरएजेंसी फॉरेस्ट फायर सेंटर के मुताबिक, इस वक्त पूरे देश में करीब 838 जगहों पर जंगल की आग लगी हुई है। अकेले ओंटारियो और उसके आस-पास के इलाकों में ही 150 से ज्यादा जगहों पर पेड़ धधक रहे हैं।
इस संकट की सबसे बड़ी वजह भीषण गर्मी, सूखा और तेज हवाओं को माना जा रहा है। प्रशासन ने कई संवेदनशील इलाकों को खाली कराने के आदेश दे दिए हैं और पूरे क्षेत्र में ‘प्रतिबंधित अग्नि क्षेत्र’ लागू कर दिया है ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।
धुएं के गुबार से बदला मौसम का मिजाज
इस भीषण आग का असर अब वहां के बड़े शहरों पर भी साफ दिखने लगा है। हवा में फैले भारी धुएं और प्रदूषण के कारण टोरंटो दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। वैश्विक एयर क्वालिटी पर नजर रखने वाली संस्था आईक्यूएयर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि टोरंटो ने प्रदूषण के मामले में दिल्ली और दुबई जैसे शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है।
प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर को देखते हुए टोरंटो में होने वाले कई बड़े आउटडोर इवेंट्स और बच्चों के वाटर पूल्स को बंद कर दिया गया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें।
पड़ोसी देश तक पहुंच गया प्रदूषण का असर
Canada Wildfire से उठ रहा यह खतरनाक धुआं अब सिर्फ वहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि हवाओं के साथ यह अमेरिका की सीमा में भी प्रवेश कर चुका है। मिनेसोटा, विस्कॉन्सिन और यहां तक कि न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में भी एयर क्वालिटी काफी खराब हो गई है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस धुएं के कारण लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। न्यू जर्सी में होने वाले फीफा विश्व कप के कार्यक्रमों से पहले प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और लोगों से सेहत का खास ख्याल रखने की अपील की जा रही है।







