Bulandshahr News : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गौकशी के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुकीम को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया था। तलाश के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुलंदशहर मुठभेड़ से पहले कैसे फरार हुआ आरोपी?
यह मामला बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र में सबदलपुर और सुतारी गांव के बीच जंगल में हुई गौकशी की घटना से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई थीं। पुलिस के अनुसार, सुतारी गांव निवासी मुकीम पुत्र बाबू उर्फ बाबूद्दीन को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल परीक्षण के लिए दो पुलिसकर्मी उसे बाइक से अस्पताल ले जा रहे थे। इसी दौरान गैस गोदाम के पास बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस का कहना है कि इस मौके का फायदा उठाकर मुकीम सरकारी पिस्टल लेकर फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलने पर चोला थाना पुलिस और स्वाट टीम देहात ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में मुकीम दिखाई दिया। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुकीम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से सरकारी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने की जानकारी दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गौकशी मामले में पहले 11 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
सीओ सिकंदराबाद प्रेमसुख दडिया के मुताबिक, गौकशी की इस घटना में पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एक आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मुकीम लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
READ MORE : लखनऊ में रासायनिक रिसाव से मचा हड़कंप, अग्निशमन और SDRF ने संभाला मोर्चा







