Bengaluru Indira nagar loot case: क्या आपने कभी किसी ऐसे चोर या लुटेरे के बारे में सुना है जो चोरी करने के लिए बेहद अजीबोगरीब तरकीब अपनाए? आए दिन अपराध की दुनिया से कई ऐसी खबरें सामने आती हैं जिन्हें सुनकर हैरानी होती है। हाल ही में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने दिनदहाड़े एक युवती को बंधक बनाकर लूटपाट की। उसने वारदात को अंजाम देने के लिए जो तरीका निकाला, उसके बारे में जानकर हर कोई हैरान रह गया। आइए जानते हैं क्या है पूरी घटना।
इंदिरानगर में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात
यह पूरी घटना 31 अक्टूबर को बेंगलुरु के पॉश इलाके इंदिरानगर की 100 फीट रोड पर स्थित एक दुकान में हुई। यहाँ 23 साल की एक युवती रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है और दुकान के रोजाना के लेन-देन की जिम्मेदारी भी संभालती है। रोज की तरह वह सुबह करीब 10 बजे दुकान पर पहुँची थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी सुबह करीब पौने बारह बजे एक व्यक्ति हेलमेट और दस्ताने पहनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ।

वह शख्स सीधा रिसेप्शन काउंटर फांदकर अंदर चला गया और महिला से कहने लगा कि कोई उसे मारने आ रहा है। उसने युवती को चिल्लाने से साफ मना कर दिया। जब महिला ने घबराकर दुकान के मालिक को फोन करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे जबरदस्ती नीचे बैठा दिया। इसके बाद उसने महिला का मुंह दबाया और उसके गले व हाथों पर चाकू से हमला करने की धमकी दी।
फेवीक्विक से हाथ चिपकाकर की गई लूट
मामला तब और भी ज्यादा डरावना हो गया जब आरोपी ने युवती को काबू में करने के लिए एक अनोखा और खतरनाक तरीका आजमाया। उसने महिला के दोनों हाथों पर फेवीक्विक (Fevi kwik) डालकर उन्हें आपस में मजबूती से चिपका दिया, ताकि वह विरोध न कर सके। इसके बाद उसने मेज पर रखा एक कपड़ा महिला के मुंह में ठूंस दिया ताकि वह आवाज न निकाल सके।

इतना सब करने के बाद आरोपी ने महिला के गले से करीब साढ़े चार लाख रुपये का महंगा मंगलसूत्र छीन लिया और उसे अपनी जेब में रख लिया। जब आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, तब महिला ने किसी तरह अपने हाथ छुड़ाए और शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और दुकान के मालिक वहां इकट्ठा हो गए। लोगों को देखकर आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसे फिर से दुकान के अंदर खींच लिया और उसके गले पर चाकू रख दिया। उसने भीड़ को धमकी भी दी, लेकिन लोगों और पुलिस की मुस्तैदी से आखिरकार उसे दबोच लिया गया। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें: Sultanpur illegal mining attack | सुलतानपुर में राजस्व टीम पर हमला…अवैध खनन रोकने पहुंची थी टीम







