Bahraich News: पंजाब के चर्चित अजनाला थाना कांड में लंबे समय से फरार चल रहे ‘Waris Punjab De’ संगठन से जुड़े आरोपी विक्रमजीत सिंह को सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-नेपाल सीमा पर गिरफ्तार कर लिया है। विक्रमजीत नेपाल में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और चुपके से भारतीय सीमा में दाखिल होने की फिराक में था।
रुपईडीहा बॉर्डर पर एसएसबी (SSB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान संदिग्ध हरकतों के आधार पर उसे पकड़ा गया। वह फरवरी 2023 में अमृतसर के अजनाला थाने पर हुए हिंसक हमले के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
क्या था अजनाला थाना हमला मामला?
फरवरी 2023 में पंजाब के अजनाला थाने पर ‘Waris Punjab De’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों ने हमला कर दिया था। यह भीड़ अपने साथी लवप्रीत सिंह ‘तूफान’ को पुलिस कस्टडी से छुड़ाने के लिए पहुंची थी। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस घटना के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर अमृतपाल और उसके करीबियों पर शिकंजा कसा था। विक्रमजीत भी इसी मामले में पुलिस की हिट लिस्ट में था।
बिना वीजा घुसा अमेरिकी नागरिक भी पकड़ा गया
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया। विक्रमजीत जिस गाड़ी में सवार था, उसमें अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों भी मौजूद था। मनवीर बिना वैध वीजा के नेपालगंज एयरपोर्ट से सड़क मार्ग के जरिए भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था।
हालांकि, मनवीर की अमेरिकी पत्नी और उनके आठ महीने के बच्चे के पास सही दस्तावेज होने के कारण उन्हें जाने दिया गया, लेकिन मनवीर को हिरासत में ले लिया गया।
नेटवर्क और स्थानीय मददगारों पर जांच तेज
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां अब फर्जी दस्तावेज बनाने वाले गिरोह और अवैध रूप से सीमा पार कराने वाले सिंडिकेट की जांच कर रही हैं।
इस मामले में गाड़ी के ड्राइवर और सीमा पार कराने में मदद करने वाले दो स्थानीय लोगों को भी गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है। पूरे बॉर्डर इलाके में सुरक्षा बलों ने चौकसी बढ़ा दी है।







