Ayodhya Road Accident: NH-27 पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को DCM ने मारी टक्कर

Share This Article

Ayodhya Road Accident : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मखवापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार डीसीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं, पुरुष और छोटे बच्चे शामिल थे। घटना में चालक समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। आइए जानते हैं कि यह दर्दनाक हादसा आखिर कैसे हुआ।

लखीमपुर खीरी से अयोध्या दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी के रहने वाले अनुराग वर्मा के परिजन नया ट्रैक्टर खरीदने की खुशी में अपने रिश्तेदारों के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जा रहे थे। पूरे परिवार और रिश्तेदारों को मिलाकर कुल 28 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे।

जैसे ही उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली रुदौली के मखवापुर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क पर पलट गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया राहत और बचाव अभियान

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पीआरवी-112 और भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली पहुंचाया। घायलों में ट्रैक्टर चालक विकास वर्मा (27), छोटे कश्यप (38), धनंजय वर्मा, आदित्य वर्मा (16), आदर्श, शुभम वर्मा, रेखा और दिनेश शामिल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

डीसीएम चालक ने पुलिस को बताई हादसे की वजह

पुलिस की पूछताछ में डीसीएम (संख्या UP 42 CT 7023) के चालक राकेश सिंह ने बताया कि वह अलीगढ़ से गत्ता लादकर गोरखपुर की ओर जा रहा था। चालक के मुताबिक, आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक दाहिनी ओर मुड़ गई। उसने ब्रेक लगाने की काफी कोशिश की, लेकिन गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

क्रेन और जेसीबी से हटवाए गए दुर्घटनाग्रस्त वाहन

इस दर्दनाक हादसे के बाद एनएच-27 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीसीएम को सड़क से हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर दोबारा आवागमन सुचारू हो सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की आगे की जांच शुरू कर दी है।

READ MORE : UP के 3 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ी सौगात, ₹40 हजार तक मानदेय और EPF-ESIC का लाभ

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This