Ayodhya में राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक का आज दूसरा दिन है। समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि मंदिर परिसर में कुल 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे कर ट्रस्ट को सौंप दिए गए हैं। अब मुख्य रूप से परकोटे का निर्माण कार्य हस्तांतरित होना बाकी है। बारिश के कारण परकोटे की छत पर वॉटर ट्रीटमेंट का काम प्रभावित हुआ है। मौसम अनुकूल होने पर इसे पूरा किया जाएगा। परकोटे और मंदिर की फसाड लाइटिंग 15 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य है। Diwali पर मंदिर परिसर में विशेष रोशनी की व्यवस्था होगी। बैठक में ठेकेदारों के भुगतान, ऑडिटोरियम, म्यूजियम और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है।
नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि दिवाली के दौरान मंदिर की भव्यता और इसकी बनावट की खूबसूरती के मुताबिक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। परकोटे और मंदिर के सामने के हिस्से में लाइटिंग का काम 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
यह भी बताया गया कि विजय स्तंभ और शहीद स्मारक का निर्माण पूरा हो चुका है। इन जगहों पर कुछ लैंडस्केपिंग और बागवानी का काम बाकी है। समिति निर्माण स्थलों का निरीक्षण भी करेगी। इसका मकसद काम की रफ्तार का आकलन करना और ठेकेदारों के सामने आ रही दिक्कतों को दूर करना है।
वहीं अयोध्या में दुर्गा पूजा (Durga Puja) और दीपोत्सव (Deepotsav) को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दुर्गा पूजा पंडालों में साफ-सफाई और जरूरी सिविल कार्य पूरे करा लिए गए हैं। वहीं, दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए सजावट और अन्य व्यवस्थाओं पर काम शुरू हो गया है।
यह भी पढ़ें: Varanasi के विशालाक्षी देवी मंदिर का रहस्यमय इतिहास | Maa Vishalakshi