Asian Games : 44 साल बाद भारत ने जीता हॉकी गोल्ड, रांची पहुंचते ही सलीमा टेटे समेत 4 खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत

Share This Article

Asian Games 2026 में इतिहास रचने के बाद झारखंड की चार हॉकी चैंपियन बेटियां रविवार को रांची पहुंचीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में ऐसा माहौल बना, जैसे पूरा शहर अपनी बेटियों की जीत का जश्न मना रहा हो। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के बीच खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।

एयरपोर्ट पर उमड़ा खेल प्रेमियों का हुजूम

जापान के आइची-नागोया से बेंगलुरु होते हुए रांची पहुंचीं सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के स्वागत के लिए लोग पहले से मौजूद थे। जैसे ही चारों खिलाड़ी एयरपोर्ट से बाहर निकलीं, ढोल-नगाड़े बजने लगे। हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, परिजनों और खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं और बुके से उनका स्वागत किया। कई लोगों ने हॉकी स्टिक उठाकर भी चैंपियन खिलाड़ियों के प्रति सम्मान जताया।

44 साल बाद मिला महिला हॉकी में गोल्ड

भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इस ऐतिहासिक जीत में झारखंड की चार हॉकी बेटियां भी टीम का हिस्सा रहीं। सलीमा टेटे ने टीम की कप्तानी संभाली। वहीं निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग ने भी टीम के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

परिजनों से मिलकर भावुक हुईं खिलाड़ी

एयरपोर्ट पर सबसे खास पल तब आया, जब खिलाड़ियों की लंबे समय बाद अपने परिजनों से मुलाकात हुई। परिवार के लोगों ने अपनी बेटियों को गले लगाया और उनके शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताई। खिलाड़ियों ने भी माता-पिता और परिजनों से मिलकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई भावुक पल देखने को मिले।

खेल जगत ने किया सम्मान

हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। एयरपोर्ट पर ‘भारत माता की जय’ और ‘झारखंड की बेटियां जिंदाबाद’ जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। इस मौके पर हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। खेल जगत से जुड़े अन्य लोगों और प्रशिक्षकों ने भी चारों खिलाड़ियों का स्वागत किया।

Read more : लखनऊ में आज साफ रहेगा मौसम, तेज धूप के बीच 34 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This