Asian games 2026: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का दबदबा कायम है। बुधवार को हुए एक बेहद कड़े मुकाबले में भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम (Archery) ने चीन को 238-237 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। साहिल जाधव, कुशल दलाल और गणेश मणि रत्नम की तिकड़ी ने अपनी सटीक निशानेबाजी से देश को यह सफलता दिलाई है। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स की कंपाउंड स्पर्धाओं में अब तक के तीनों गोल्ड मेडल (gold medal) जीत लिए हैं।
आखिरी राउंड के रोमांच में भारत ने पलटी बाजी
फाइनल मुकाबले की शुरुआत में चीनी टीम ने बढ़त बना ली थी। पहले 2 राउंड खत्म होने के बाद भारतीय टीम 60-58 से पीछे चल रही थी और हाफ टाइम तक चीन 120-118 से आगे था। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने अपना धैर्य नहीं खोया और धीरे-धीरे अंकों के अंतर को कम करना शुरू किया। तीसरे राउंड के बाद भारत 149-148 पर पहुंच गया। अंतिम और निर्णायक राउंड में भारतीय तिकड़ी ने परफेक्ट 10 का स्कोर बनाकर दबाव बनाया, जबकि चीन का एक शॉट 8 पॉइंट पर रह गया। इसी के साथ भारत ने 238-237 से जीत दर्ज कर ली।
Sahil Jadhav रहे मुकाबले के हीरो
इस मुकाबले में भारत के साहिल जाधव ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने हर शॉट पर 10 पॉइंट का निशाना साधा और 100 प्रतिशत का रिकॉर्ड बनाए रखा। सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया जैसी मजबूत टीम को 236-229 से हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया था। इस मेडल के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल मेडलों की संख्या 59 पहुंच गई है, जिनमें 10 गोल्ड, 21 सिल्वर और 28 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
महिला और मिक्स्ड टीम ने भी लहराया परचम
इससे पहले महिला कंपाउंड टीम में ज्योति सुरेखा वेन्नम, चिकिता तनिपर्थी और पृथिका प्रदीप ने चीन को 238-234 से हराकर गोल्ड जीता था। वहीं, मिक्स्ड टीम इवेंट में चिकिता और साहिल जाधव की जोड़ी ने दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए कंपाउंड मिक्स्ड टीम का क्वालिफिकेशन कोटा भी हासिल कर लिया है।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026 में भारत का धमाका, चिकिता-साहिल ने शूट-ऑफ में जीता गोल्ड

