Ahmedabad को और हरा-भरा बनाने के लिए आज एक बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री Amit Shah ने रविवार को Ahmedabad में ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’(Mission 5 Million Trees) के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की। इस खास मौके पर शहर के विकास को रफ्तार देने के लिए करीब 405 करोड़ रुपए की अलग-अलग विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। अहमदाबाद महानगर निगम की ओर से साइंस सिटी के विज्ञान भवन में इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जहां गृह मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
Amit Shah Ahmedabad visit: 101 ऑक्सीजन पार्क से बदलेगी शहर की हवा
इस कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने ई-लोकार्पण के जरिए शहर को 101 नए ऑक्सीजन पार्क और हेरिटेज पार्क की सौगात दी। इन पार्कों को विकसित करने के पीछे मकसद शहर में हरियाली बढ़ाना और वायु गुणवत्ता में सुधार करना है। लगभग 9 लाख 66 हजार वर्गमीटर इलाके में फैले इन पार्कों में 22 लाख 71 हजार से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। इसमें से 62 पार्क अकेले गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आते हैं, जहां करीब 16 लाख पौधे रोपे गए हैं।
ये पार्क न सिर्फ प्रदूषण और शहरी गर्मी को कम करेंगे, बल्कि लोगों के लिए योग, वॉक और मनोरंजन का एक बेहतरीन ठिकाना भी बनेंगे। बच्चों के खेलने के लिए 45 पार्कों में विशेष प्ले एरिया और 19 पार्कों में खेलकूद की सुविधाएं तैयार की जा रही हैं। साथ ही, ये जगहें वर्षा जल संरक्षण और भूजल को रिचार्ज करने में भी मदद करेंगी।
नई एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बीआरटीएस (BRTAS) बसों की शुरुआत
पर्यावरण को बचाने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर करने के लिए शहर की सड़कों पर 80 नई एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बीआरटीएस बसें भी उतार दी गई हैं। जेबीएम कंपनी की ओर से संचालित इन आधुनिक और वातानुकूलित बसों की मदद से अब यात्रियों का सफर काफी आरामदायक और प्रदूषण मुक्त हो जाएगा। इन बसों के संचालन पर हर साल लगभग 42 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
Ahmedabad बीआरटीएस के बेड़े में पहले से ही 200 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं और अब इन नई बसों के आने से यह संख्या और बढ़ गई है। आने वाले समय में पूरी बीआरटीएस सेवा को इलेक्ट्रिक में बदलने की तैयारी है, जिसके लिए कुल 325 इलेक्ट्रिक एसी बसों को मंजूरी दी जा चुकी है। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, मेयर हितेश बारोट समेत कई बड़े नेता और अधिकारी मौजूद रहे।
Ahmedabad में शुरू हुआ यह अभियान शहर को पर्यावरण के मोर्चे पर एक नई दिशा देगा। लाखों पेड़ों का रोपण और सड़कों पर दौड़ती इलेक्ट्रिक बसें इस बात का सबूत हैं कि विकास के साथ-साथ प्रकृति को बचाना कितना जरूरी है। उम्मीद है कि इन कोशिशों से आने वाले दिनों में अहमदाबाद के नागरिकों को एक स्वच्छ और सेहतमंद माहौल मिल सकेगा।







