Unnao में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बुधवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक पूरा परिवार खत्म हो गया। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही एक अन्य ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक को कुचलते हुए निकल गया।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़े मिले, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम को भेजे
घटना की सूचना मिलते ही सीओ हसनगंज अरविंद चौरसिया और सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान अजगैन थाना क्षेत्र निवासी वीरेंद्र, उनकी पत्नी ऋतु, बेटी अनुराधा (9 वर्ष) और बेटा रुद्र (करीब 6 वर्ष) के रूप में हुई है। क्षत-विक्षत शवों के अवशेषों को पॉलीथिन में भरकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।

ट्रक चालक फरार, जांच जारी
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सीओ हसनगंज अरविंद चौरसिया ने बताया कि भल्ला फार्म के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर मृत्यु हुई है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
