देश के उत्तरी इलाकों में पहाड़ों पर इस समय बर्फबारी हो रही है, जम्मू कश्मीर में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है तो वहीं हिमाचल प्रदेश के भी कई इलाकों में बर्फ पड़ी है बर्फबारी से जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश बेहद सुंदर लग रहा है और सैलानी दोनों ही जगह बर्फबारी का खूब लुत्फ भी उठा रहे हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद अब मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की आशंका भी बढ़ गई है, वहीं पहाड़ी इलाकों में ये मौसम बदलने का संकेत है और पहाड़ों के चश्मे और झरनों के लिए बर्फबारी जरुरी है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल दोनों में ही नागरिकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है कि जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
उत्तर भारत में फिर बदला मौसम का मिजाज
उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी के चलते मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड के साथ गलन बढ़ गई है। तेज हवाओं के चलते जहां ठंड का असर महसूस हो रहा है, वहीं वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ी, हवा से राहत
दिल्ली में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने प्रदूषण को काफी हद तक कम किया है। लोधी रोड और एनएसआईटी द्वारका समेत कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स अब मध्यम स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, ठंड के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश में 565 सड़कें बंद हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। इसके साथ ही करीब 4800 बिजली ट्रांसफॉर्मर ठप हो गए हैं, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।

हिमाचल में मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 और 25 जनवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में और भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है। कांगड़ा, मंडी, सोलन, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और सिरमौर जिलों में घना कोहरा और शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस सर्दी में यह हिमाचल की पहली बर्फबारी है। मनाली के पास कोठी गांव में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें: UP Diwas 2026: अमित शाह लखनऊ पहुंचे, राष्ट्रपति-PM मोदी से लेकर CM योगी ने दी उत्तर प्रदेश दिवस की बधाई
शिमला में बर्फ हटाने का काम तेज
शिमला में भारी बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सड़कें, वाहन और मकान बर्फ की चादर से ढक गए हैं। सुबह धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली है। जिला प्रशासन ने बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

उत्तराखंड में सीजन की पहली बर्फबारी
उत्तराखंड में भी मौसम का असर साफ दिख रहा है। मसूरी, धनौल्टी, नैनीताल और उत्तरकाशी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। तापमान में अचानक गिरावट से ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी से जहां पर्यटक उत्साहित हैं, वहीं फिसलन भरी सड़कों के कारण आवाजाही में दिक्कतें भी सामने आ रही हैं।

ऑरेंज अलर्ट, कई जगह फंसे वाहन
मौसम विभाग ने 2000 मीटर से ऊपर के इलाकों में लगातार बर्फबारी की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में कई जगह वाहन और यात्री फंस गए। एसडीआरएफ की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़, मुक्तेश्वर, धनाचूली और घनसाली क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में बदला मौसम का मिज़ाज, जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी से जगी पर्यटन की उम्मीद
