Ayodhya पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Pankaj Chaudhary, किए रामलला के दर्शन | Ram Mandir

Share This Article

Ayodhya: सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में रामनगरी अयोध्या में अभूतपूर्व उत्साह और संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। जिले की सीमा रामसनेहीघाट से लेकर अयोध्याधाम के श्रृंगारहाट तक पूरा मार्ग भाजपा की एकजुटता, अनुशासन और कार्यकर्ता आधारित राजनीति का सजीव उदाहरण बन गया। सड़कों के दोनों ओर लगे होर्डिंग, बैनर, भगवा ध्वज और पार्टी के झंडों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार अभिनंदन किया। अयोध्या पहुंचकर पंकज चौधरी ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया, इसके बाद राम जन्मभूमि पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए।

कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत 

कांटा चौराहे पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उन्होंने भाजपा में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहां परिश्रम, निष्ठा और समर्पण का सम्मान होता है। बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुंच सकता है।

उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दलों में नेतृत्व एक ही परिवार तक सीमित रहता है, जबकि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है और कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लें।

रामलला और बजरंगबली के दर्शन  

प्रदेश अध्यक्ष ने अयोध्या पहुंचकर रामलला और बजरंगबली के दर्शन किए और संगठन की मजबूती तथा जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र के प्रभारी संजय राय, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र और क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और शक्ति प्रदर्शन  

प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के साथ वाहनों की लंबी कतार चल रही थी। जिले में पूर्व निर्धारित 28 स्वागत स्थलों के अलावा दर्जनों अन्य स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कई जगहों पर जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा की गई, जिसने स्वागत को और भी भव्य बना दिया।

Ayodhya

स्वागत के दौरान बटुक ब्राह्मणों द्वारा स्वस्ति वाचन, शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की गूंज सुनाई देती रही। “वंदे मातरम्”, “जय सियाराम” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। दर्जनों तोरणद्वारों ने स्वागत की भव्यता को और बढ़ा दिया।

कई स्थानों पर प्रदेश अध्यक्ष को 51 किलो की माला पहनाई गई और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यकर्ताओं का जोश, अनुशासन और समर्पण यह स्पष्ट कर रहा था कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह संगठित और चुनावी मोड में है।

यह भी पढ़ें: उन्नाव में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विकसित भारत रोजगार अधिनियम को ग्रामीण विकास में मील का पत्थर बताया

रामसनेहीघाट से श्रृंगारहाट तक स्वागत का सिलसिला

रामसनेहीघाट पेट्रोल पंप पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रथम स्वागत हुआ। इसके बाद सआदतगंज ओवरब्रिज, रुदौली, चौधरी चरण सिंह द्वार महोली, सत्तीचौरा, मुबारकगंज चौराहा, रौनाही टोल प्लाजा, हरिपुर जलालाबाद, कोटसराय, त्रिमूर्ति होटल और गरुणद्वार सहित अनेक स्थानों पर जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों ने स्वागत किया।

Ayodhya

ढाई क्विंटल की माला बना आकर्षण का केंद्र

निषादराज चौराहे पर पूर्व महापौर रिषिकेष उपाध्याय, महानगर महामंत्री परमानंद मिश्र और कार्यकर्ताओं ने क्रेन से ढाई क्विंटल वजनी माला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का अनोखा स्वागत किया। यह दृश्य राहगीरों और आमजन के लिए भी कौतूहल का विषय बना रहा।

यह पूरा आयोजन भाजपा की संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ता आधारित राजनीति और आगामी चुनावों के लिए तैयारियों का स्पष्ट संकेत देता है। रामनगरी में हुआ यह स्वागत लंबे समय तक राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

Are You Satisfied DD News UP

Also Read This