नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य सरकार मिशन शक्ति-5.0 के तहत मिशन शक्ति केंद्रों को अत्याधुनिक संसाधनों से लैस करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। इस योजना के तहत प्रदेश में स्थापित 1600 मिशन शक्ति केंद्रों को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि महिलाओं तक सरकारी मदद और सुरक्षा सेवाएं और तेज़ी से पहुंच सकें।
हर मिशन शक्ति केंद्र को मिलेंगी चार स्कूटी
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की नोडल अधिकारी एडीजी पद्मजा चौहान ने जानकारी दी कि मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात महिला पुलिस कर्मियों को चार-चार स्कूटी दी जाएंगी। इस तरह कुल 6,400 नई स्कूटी खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
स्कूटी मिलने से महिला पुलिसकर्मियों की गांवों, कस्बों और मोहल्लों तक पहुंच और आसान होगी। खासकर ग्रामीण इलाकों में शिकायत मिलने पर अब पुलिस को मौके पर पहुंचने में देरी नहीं होगी।

हर केंद्र को मिलेगा मोबाइल हैंडसेट
सिर्फ स्कूटी ही नहीं, बल्कि हर मिशन शक्ति केंद्र को एक-एक मोबाइल हैंडसेट भी दिया जाएगा। इसके लिए कुल 1,600 मोबाइल फोन खरीदे जाएंगे। इन मोबाइल हैंडसेट्स के जरिए महिला हेल्पलाइन, शिकायत दर्ज करने और त्वरित संवाद में काफी मदद मिलेगी।
सरकार का मानना है कि इससे मिशन शक्ति टीम और आम महिलाओं के बीच सीधा और मजबूत संपर्क बनेगा।
67 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी
एडीजी पद्मजा चौहान के अनुसार, स्कूटी और मोबाइल हैंडसेट खरीदने पर सरकार को करीब 67 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसके लिए जल्द ही प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।
बजट आवंटित होने के बाद अगले वित्तीय वर्ष में इन संसाधनों की खरीद प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

गांव-गांव तक पहुंचेगी मिशन शक्ति की टीम
इन संसाधनों के मिलने से मिशन शक्ति की टीमें अब हर गांव और हर मोहल्ले तक सक्रिय रूप से पहुंच सकेंगी। खासतौर पर उन इलाकों में जहां महिलाओं को थाने तक पहुंचने में दिक्कत होती है, वहां यह योजना बेहद कारगर साबित होगी।
सरकार का उद्देश्य है कि महिला सुरक्षा सिर्फ शहरों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण अंचलों में भी भरोसेमंद व्यवस्था तैयार हो।
एक ही छत के नीचे मिल रही हैं कई सुविधाएं
मिशन शक्ति केंद्रों के जरिए महिलाओं को पहले से ही कई जरूरी सेवाएं एक ही छत के नीचे दी जा रही हैं। इनमें—
-
महिला हेल्पलाइन
-
काउंसलिंग सेवा
-
कानूनी सहायता
-
मेडिकल सुविधा
-
पुनर्वास से जुड़ी मदद
शामिल हैं। अब स्कूटी और मोबाइल मिलने से इन सेवाओं की रफ्तार और असर दोनों बढ़ेंगे।
योगी सरकार का महिला सशक्तिकरण पर फोकस
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पुलिस मंथन कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराए जाने की बात कही थी। योगी सरकार लगातार महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दे रही है। मिशन शक्ति अभियान के जरिए प्रदेश में महिलाओं को न सिर्फ सुरक्षा दी जा रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने पर भी जोर है। सरकार का यह कदम न केवल महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करेगा, बल्कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय भी जोड़ेगा।
यह भी पढ़ें : नुसरत भरूचा ने किए महाकाल के दर्शन… मौलाना रजवी को नहीं आया पसंद