Mann Ki Baat 140th Episode: पीएम मोदी ने नशे की लत, संचार साथी ऐप और देश की सांस्कृतिक विरासत पर की चर्चा

Mann Ki Baat 140th Episode

Share This Article

Mann Ki Baat 140th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड के जरिए देशवासियों से अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने युवाओं के सामने नशे की बढ़ती चुनौती, खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में संचार साथी ऐप की भूमिका, भारत के संग्रहालयों की उपलब्धियों और देश में उभरते नए उद्यमों जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात की। पीएम मोदी ने कहा कि ‘मन की बात’ ऐसा मंच है, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों और समाज के विभिन्न वर्गों की उपलब्धियों के साथ-साथ चुनौतियों को भी सामने लाया जाता है।

युवाओं के भविष्य के लिए नशे से दूरी जरूरी

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने नशे की लत को युवाओं के सपनों के सामने एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवा अपनी प्रतिभा, मेहनत और बड़े सपनों के दम पर दुनिया में पहचान बना रहे हैं। ऐसे समय में ड्रग्स और नशे की आदत उनके भविष्य को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने इस विषय पर समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संचार साथी ऐप से मिलेगा खोया मोबाइल वापस

पीएम मोदी ने मोबाइल फोन खोने की समस्या का जिक्र करते हुए संचार साथी प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि मोबाइल में संपर्क नंबर, तस्वीरें और जरूरी दस्तावेज जैसी कई महत्वपूर्ण जानकारियां होती हैं, इसलिए फोन खोना परेशानी का कारण बनता है। संचार साथी इस समस्या के समाधान में मददगार साबित हो सकता है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, प्रत्येक मोबाइल फोन की एक विशिष्ट पहचान IMEI नंबर होती है। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद इस नंबर और आवश्यक विवरण के माध्यम से संचार साथी पर फोन ब्लॉक कराया जा सकता है। इससे उसमें दूसरा सिम डालकर भी उसका इस्तेमाल करना संभव नहीं रहेगा।

बिहार म्यूजियम को वैश्विक स्तर पर पहचान

प्रधानमंत्री ने पर्यटन के दौरान संग्रहालयों को भी देखने की अपील की। उन्होंने बताया कि पटना स्थित बिहार म्यूजियम को दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। इस उपलब्धि के साथ इसे एशिया में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसकी तुलना पेरिस के ‘लूव्र’ और न्यूयॉर्क के ‘द मेट’ जैसे प्रसिद्ध संग्रहालयों से करते हुए इसकी उपलब्धि का उल्लेख किया।

वडनगर म्यूजियम को मिला रेड डॉट अवॉर्ड

पीएम मोदी ने गुजरात के वडनगर स्थित अनंत अनादि वडनगर आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम (Anant Anadi Vadnagar Archaeological Museum) का भी जिक्र किया। यहां पुरातात्विक खुदाई में मिले विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों के अवशेषों को प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय में पांच हजार वर्षों से अधिक प्राचीन कलाकृतियां मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि इस म्यूजियम को बर्लिन में ‘Red Dot: Best of the Best Award’ से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री ने वडनगर को अपनी जन्मभूमि और काशी को अपनी संसदीय क्षेत्र बताते हुए दोनों शहरों के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया।

चॉकलेट स्टार्टअप और सेवा कार्यों की सराहना

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने भारत में चॉकलेट निर्माण से जुड़े नए उद्यमों और स्टार्टअप्स की पहल पर भी बात की। उन्होंने बताया कि स्थानीय सामग्रियों से नए फ्लेवर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए अवसर बढ़ रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने कनाडा के ‘साई धाम फूड बैंक’ के सेवा प्रयासों का उल्लेख किया, जिसका उद्देश्य किसी भी व्यक्ति को भूखा न सोने देना है। अंत में उन्होंने महान चित्रकार शोभा सिंह को उनकी 125वीं जयंती पर याद किया और सिख गुरुओं के उनके बनाए चित्रों का जिक्र किया।

यह भी पढ़ें: इंडियन पैनोरमा में प्रदर्शित हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’, आध्यात्मिक यात्रा और आत्मचिंतन की कहानी को पर्दे पर उतारा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This